RCB vs DC, WPL 2026 Final: जिस पल का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वो घड़ी आ चुकी है. 5 फरवरी यानी आज विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का फाइनल खेला जाना है. यह खिताबी जंग वडोदरा में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच होगी. यह मुकाबला वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. इस खिताबी जंग में आरसीबी की कप्तान और स्टाइलिश बैटर स्मृति मंधाना पर सबकी नजर रहने वाली है. अगर उनका बल्ला चला, तो वो इस सीजन एक खास उपलब्धि अपने नाम कर सकती हैं. इस फाइनल में मंधाना अपने 3 टारगेट पूरे करने की पूरी कोशिश करेंगी.
पहला टारगेट
RCB की कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज स्मृति मंधाना का पहला टारगेट होगा इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने का. वो अब तक 8 मैचों में 290 रन बना चुकी हैं. नंबर एक पर मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिनके नाम 8 मैचों में 342 रन हैं. अब अगर आज मंधाना के बल्ले से 53 रन निकले, तो वो इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन जाएंगी. इस लिस्ट में फिलहाल नंबर 2 पर मुंबई इंडियंस की ही बल्लेबाज नैट सिवर-ब्रंट हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 321 रन किए हैं.
दूसरा टारगेट
फाइनल में मंधाना का दूसरा टारगेट ये है कि वो WPL के इतिहास में RCB के लिए 1000 रन बनाने वाली पहली क्रिकेटर बन सकती हैं. मंधाना पहले सीजन से लेकर अब तक 34 मैचों में 936 रन कर चुकी हैं. अब 64 रन बनाते ही वो 1000 रनों का खास आंकड़ा छू लेंगी. अगर फाइनल में वो यह कमाल कर पाती हैं, तो इस लीग में 1000 रनों तक पहुंचने वाली 5वीं बैटर भी बन जाएंगी.
तीसरा टारगेट
तीसरा टारगेट बेहद खास है, क्योंकि यह चैंपियन बनने से जुड़ा हुआ है. अगर उन्होंने अपनी कप्तानी में RCB को खिताब जिता दिया, तो वो WPL दो बार जीतने वाली दूसरी कप्तान बन जाएंगी. नंबर एक पर कौर हैं, जो दो बार मुंबई को ट्रॉफी दिला चुकी हैं.