Smriti Mandhana: महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का चैंपियन मिल गया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) खिताब जीतने में सफल रही. फाइनल में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से मात दी और दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली. बेंगलुरु इससे पहले 2024 में पहली बार चैंपियन बनी थी, जबकि दिल्ली को लगातार चौथी दफा फाइनल में शिकस्त मिली है.
खिताबी जंग वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में हुई, जिसमें बेंगलुरु ने 2 गेंद रहते ही 204 रन का टारगेट चेज कर लिया. ये जीत ऐतिहासिक इसलिए थी, क्योंकि आरसीबी ने WPL फाइनल का सबसे बड़ा रन चेज किया. कप्तान स्मृति मंधाना ने 87 रन की पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने 79 रन बनाए. दोनों ने 92 बॉल पर 165 रन की साझेदारी की, जिसके दम पर आरसीबी ने दूसरा खिताब जीता. मैच के बाद कप्तान मंधाना ने जीत का श्रेय पूरी टीम को दिया है, इस दौरान पूरे सीजन बढ़िया प्रदर्शन करने वाली 2 खिलाड़ियों के नाम लिए और उन्हें जीत का क्रेडिट दिया.
ट्रॉफी जीतने के बाद क्या बोलीं मंधाना?
फाइनल जीत के बाद स्मृति मंधाना ने कहा ‘मैं बेहद खुश हूं. मुझे लगता है कि RCB के फैंस दुनिया के सबसे बेहतरीन फैंस हैं. हम जहां भी खेलते हैं, हमें जबरदस्त सपोर्ट मिलता है. अभी भी वो इंतजार करते रहते हैं. उन्हें पता है कि हम जो कुछ भी करते हैं, उनके लिए करते हैं. और हां, फ्रेंचाइजी के लिए लगातार तीन साल में तीन खिताब जीतना वाकई कमाल की बात है.’
इन 2 खिलाड़ियों की तारीफ में पढ़े कसीदे
मंधाना ने फाइनल और पूरे सीजन में कमाल की बॉलिंग करने वालीं लॉरेन बेल की तारीफ में कसीदे पढ़े. उन्होंने कहा कि भले ही दिल्ली ने फाइनल में 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया, लेकिन मुझे लगा कि आखिरी 4 ओवरों में हमने अच्छी बॉलिंग की और मैच को काफी हद तक अपनी तरफ खींच लिया. खास तौर पर लॉरेन बेल को पूरा श्रेय जाता है. एक ऐसे मैच में जहां कुल 400 से ज्यादा रन बने, वहां उनके चार ओवर में सिर्फ करीब 20 रन जाना मेरे लिए मैच जिताने वाला स्पेल था.’ जिस तेज गेंदबाज बेल की तारीफ में मंधाना कसीदे पढ़े, उन्होंने फाइनल में 4 ओवर में कसी हुई बॉलिंग की और सिर्फ 19 रन दिए. पूरे सीजन 9 मैचों में 12 विकेट निकाले.
जॉर्जिया वोल के लिए क्यों खुश हुईं मंधाना?
मंधाना ने दूसरा नाम बल्लेबाज जॉर्जिया वोल का लिया, जिन्होंने फाइनल में 79 रनों की धमाकेदार पारी खेली. वोल ने 54 बॉल पर 14 चौकों की मदद से 79 रन बनाए. मंधाना और वोल के बीच फाइनल में दूसरे विकेट के लिए 92 बॉल पर रिकॉर्ड 165 रनों की साझेदारी हुई. इसे लेकर मंधाना ने कहा कि ‘वोल ने शुरुआत से ही लीड लिया. पावरप्ले में ज़्यादातर स्ट्राइक उन्हीं के पास थी और उनका इंटेंट बिल्कुल सटीक था. मैं 10–15 दिन पहले ही टीम से कह रही थी कि मुझे लग रहा है कि फाइनल में वोल मैच जिताने वाली पारी खेलेगी. मैं उनके लिए बेहद खुश हूं. उन्होंने पिछले कुछ दिनों में एक्स्ट्रा प्रैक्टिस की थी और यह देखकर अच्छा लगा कि उनकी मेहनत रंग लाई.’
इन खिलाड़ियों का भी लिया नाम
मंधाना ने उन खिलाड़ियों का भी जिक्र किया, जिन्हें प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला. मंधाना ने बताया कि सीजन में किसी बेस्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैं किसी एक का नाम लेना मुश्किल समझती हूं, क्योंकि हर किसी ने किसी न किसी तरह से टीम में योगदान दिया है. मैं कुछ नाम जरूर लूंगी. पीके (प्रत्यूषा कुमार), जिन्हें मैच नहीं मिला, लेकिन हर प्रैक्टिस सेशन में मौजूद रहीं, पानी पिलाया और लगातार मेहनत करती रहीं. ऐसे योगदान अक्सर नजरअंदाज हो जाते हैं. इसके अलावा गौतमी और प्रेमा, ये दोनों युवा खिलाड़ी बेहद खास हैं. उन्होंने ग्रुप के साथ शानदार काम किया.’