IND U19 vs ENG U19: भारत ने जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप… वैभव सूर्यवंशी के प्रहार से इंग्लैंड पस्त, टीम इंडिया छठी बार चैंपियन

IND U19 vs ENG U19: भारत ने जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप… वैभव सूर्यवंशी के प्रहार से इंग्लैंड पस्त, टीम इंडिया छठी बार चैंपियन


IND U19 vs ENG U19: भारत ने चार साल के बाद एक बार फिर से अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है. उसने शुक्रवार (6 फरवरी) को हरारे में इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन से फाइनल में जीत हासिल की. टीम इंडिया ने पिछली बार 2022 में भी इसी टीम को खिताबी मुकाबले में हराया था. भारत ने रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी को अपने नाम किया है. अब तक ऑस्ट्रेलिया ने इसे चार और पाकिस्तान ने दो बार जीता है. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इस बार टूर्नामेंट अजेय रही. उसने अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को ग्रुप राउंड में रौंदा था. उसके बाद सुपर सिक्स में जिम्बाब्वे और पाकिस्तान पर जीत हासिल की थी. सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को परास्त करके उसने फाइनल में अपना स्थान पक्का किया था.

वैभव की ऐतिहासिक पारी

फाइनल में टीम इंडिया के सामने इंग्लैंड की चुनौती थी. यह टीम 1998 के बाद चैंपियन बनने का सपना लेकर खिताबी मुकाबले में पहुंची थी. भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. उस वक्त इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रियू ने कहा कि वह भी गेंदबाजी करने वाले थे, लेकिन उन्हें पता नहीं था कि आगे क्या होने वाला है. भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने कुछ ऐसा कर दिखाया जिसने सबको हैरान कर दिया. उन्होंने फाइनल में ऐसी पारी खेल दी, जिसे भविष्य में लंबे समय तक याद किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source


वैभव ने मचाया कहर

वैभव ने 80 गेंद पर 175 रन ठोक दिए. अपनी पारी में इस खूंखार बल्लेबाज ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद पर 53 रन की पारी खेली. वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंद पर 32 और विहान मल्होत्रा ने 36 गेंद पर 30 रनों का योगदान दिया. विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंद पर 40 और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को 400 रनों के पार पहुंचाया. भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया.

लड़कर हारा इंग्लैंड

टीम इंडिया से मिले 412 रनों के टारगेट के सामने इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन ही बना सकी. उसके लिए कैलेब फाल्कनर ने सबसे ज्यादा 115 रन बनाए. वह एक छोर से अकेले लड़ते रहे और दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे. बेन डॉकिंस ने 66 और बेन मेयस ने 45 रन बनाए. कप्तान थॉमस रियू ने 31 रनों की पारी खेली. जेम्स मिंटो ने 28 रनों की पारी खेली और फाल्कनर के साथ आठवें विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया की जीत को कुछ देर के लिए टाला. फाल्कनर ने 63 गेंदों पर शतक लगाया और सबका दिल जीत लिया.



Source link