Last Updated:
Why ICC not give any prize money to U19 World Cup Winner: वैभव सूर्यवंशी की 175 रन की पारी से भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार U19 वर्ल्ड कप जीता. सबके मन में यही सवाल है कि आईसीसी ने आखिर विजेता टीम को कोई इनामी राशि क्यों नहीं दी. BCCI जल्द ही खिलाड़ियों को इनाम देने की घोषणा कर सकता है.
आईसीसी ने भारत की अंडर-19 टीम को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल जीतने के बाद कोई पुरस्कार राशि क्यों नहीं दी थी?
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के दम पर अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड को एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया. जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 411 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. इंग्लैंड की टीम 311 रन तक ही पहुंच पाई और 100 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल कर रिकॉर्ड छठी बार भारत U19 वर्ल्ड कप चैंपियन बना. पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम ने सबसे बड़े मंच पर अपना सबसे दमदार प्रदर्शन दिया.
इस मैच में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंद में 175 रन बनाकर भारत को 411 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. उनकी पारी ने ऐसी नींव रखी जिससे इंग्लैंड कभी उबर नहीं पाया. आयुष म्हात्रे, अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान की पारियों ने भारत की लय बनाए रखी, जबकि इंग्लैंड के गेंदबाजों को ज्यादा सफलता नहीं मिली, हालांकि जेम्स मिंटो ने तीन विकेट जरूर लिए. जवाब में इंग्लैंड की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और केलिब फाल्कनर के 115 रन ने थोड़ी उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा था और भारत ने शानदार जीत दर्ज की.
क्यों नहीं मिली भारतीय टीम को इनामी राशि
इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से कोई पुरस्कार राशि नहीं मिली है. ICC U19 वर्ल्ड कप का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को निखारना है, न कि इसे व्यावसायिक प्रतियोगिता बनाना. इसी ढांचे के तहत टीमों को ICC के विकास कार्यक्रमों के जरिए पहले से ही फंडिंग मिलती है और टूर्नामेंट में फिनिशिंग पोजिशन के लिए अलग से पुरस्कार राशि नहीं दी जाती.
क्या BCCI करेगा पुरस्कार राशि का ऐलान
आईसीसी की तरफ से टूर्नामेंट के लिए कोई इनामी राशि नहीं रखी गई इसका मतलब यह नहीं है कि भारतीय टीम को कुछ नहीं मिलेगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हमेशा अपनी जूनियर टीमों की सफलता को मान्यता दी है. जब भारत ने 2022 में यश धुल की कप्तानी में U19 वर्ल्ड कप जीता था, तब हर खिलाड़ी को 40 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये दिए गए थे. इसी तरह, 2023 और 2025 में खिताब जीतने वाली भारतीय महिला U19 टीमों को BCCI ने कुल 5 करोड़ रुपये का इनाम दिया था.
इस परंपरा को देखते हुए उम्मीद है कि मौजूदा U19 चैंपियंस को भी BCCI की ओर से आर्थिक पुरस्कार मिलेगा. हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि बोर्ड जल्द ही खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए उनके ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत की मान्यता में इनाम की घोषणा करेगा.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें