इंदौर में अप्रैल से शुरू होगी आदर्श रोड मल्टीलेवल पार्किंग: ट्रैफिक राहत की तैयारी, आदर्श रोड पर काम अंतिम चरण में – Indore News

इंदौर में अप्रैल से शुरू होगी आदर्श रोड मल्टीलेवल पार्किंग:  ट्रैफिक राहत की तैयारी, आदर्श रोड पर काम अंतिम चरण में – Indore News




इंदौर के व्यस्त पलासिया क्षेत्र में पार्किंग संकट से जल्द राहत मिलने वाली है। आदर्श रोड पर बन रही मल्टीलेवल पार्किंग को अप्रैल तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा, “सुभाष नगर मल्टीलेवल पार्किंग शुरू हो चुकी है। आदर्श रोड पर बीओटी आधार पर तैयार हो रही मल्टीलेवल पार्किंग को अप्रैल तक शुरू करने का लक्ष्य है। इससे आदर्श रोड और ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।” 150 कार और 150 दोपहिया की क्षमता निर्माणाधीन पार्किंग में करीब 150 कारों और लगभग 150 दोपहिया वाहनों के लिए जगह रहेगी। पार्किंग शुल्क नगर निगम की निर्धारित दरों के अनुसार लिया जाएगा। महापौर ने माना कि निर्माण की गति कुछ धीमी है, लेकिन हाल ही में सभी पार्किंग परियोजनाओं में काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित पार्किंग नहीं तो चालान महापौर ने कहा कि लोगों को निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के चालान भी बनाए जाएंगे, क्योंकि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना निगम की प्राथमिकता है। महापौर ने प्रोजेक्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम तेज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, राकेश जैन, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, नगर निगम आयुक्त अभय राजांगांवकर और संबंधित एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।



Source link