Abhishek Sharma Golden Duck: टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला खेल रहे स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर शर्मनाक दाग लग चुका है. वो अपने वर्ल्ड कप डेब्यू पर खाता भी नहीं खोल सके और पहली गेंद पर ही आउट होकर पवेलियन लौट गए. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा मैच खेला जा रहा है. अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और दूसरे ओवर में ही टीम इंडिया को तगड़ा झटका दिया.
करोड़ों भारतीय फैंस ये उम्मीद लगाए बैठे थे कि अमेरिका के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा बल्ले से धमाका करेंगे और अपने टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले को यादगार बनाएंगे. हालांकि, उनकी शुरुआत बेहद खराब हुई. पहली गेंद पर ही वो अमेरिकी गेंदबाज अली खान के जाल में फंस गए और शून्य पर आउट हो गए.
अभिषेक शर्मा पर लगा दाग
टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे अभिषेक शर्मा अपने टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू को खास नहीं बना सके और बिना खाता खोले आउट हो गए. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि पिछले 6 पारियों में से 3 बार अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हुए हैं. ये कहना गलत नहीं होगा कि अभिषेक या तो हीरो साबित हो रहे हैं, नहीं तो बिल्कुल जीरो. अमेरिका के खिलाफ मैच में वो तेज गेंदबाज अली खान की गेंद पर कैच आउट हुए.
कौन हैं अली खान?
तेज गेंदबाज अली खान भले ही अमेरिका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन उनका कनेक्शन पाकिस्तान से है. अली खान का जन्म 13 दिसंबर, 1990 को पाकिस्तान के अटक में हुआ था. जब वो 19 साल के थे तब उनका परिवार संयुक्त राज्य अमेरिका चला गया और ओहियो में बस गया. अली खान 2016 से संयुक्त राज्य अमेरिका की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में खेल रहे हैं. उन्होंने वेस्टइंडीज, पाकिस्तान, भारत और संयुक्त अरब अमीरात में फ्रेंचाइजी ट्वेंटी20 क्रिकेट भी खेला है.
इस अमेरिकी गेंदबाज ने मचाया कोहराम
अली खान ने भले ही अभिषेक शर्मा को खाता नहीं खोलने दिया, लेकिन असली कोहराम उनके टीम के साथी गेंदबाज वैन शाल्कविक ने मचाया. उन्होंने एक ओवर में तीन भारतीय बल्लेबाजों को आउट कर सनसनी मचा दी. उन्होंने पहले ईशान किशन को आउट किया और फिर 5वीं गेंद पर तिलक वर्मा और छठी गेंद पर शिवम दुबे का शिकार किया.
IND vs USA: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत की प्लेइंग XI: ईशान किशन (WK), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (C), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज
अमेरिका की प्लेइंग XI: एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर