ग्वालियर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के आर्यभट्ट हॉस्टल में बी फार्मेसी चतुर्थ वर्ष के छात्र आशुतोष मरावी के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। छात्र ने कुलसचिव और छात्र कल्याण अधिष्ठाता से लिखित शिकायत की है। उसने कहा है कि सहपाठी छात्र उससे मारपीट करते हैं और नशा करने के लिए उस पर दबाव बना रहे हैं।
विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉस्टल में रैगिंग का 15 दिन में यह तीसरा मामला है। पहले के दो मामलों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), कुलगुरु, कुलसचिव से शिकायत की गई है पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। छात्र आशुतोष ने आरोप लगाया है कि फार्मेसी तृतीय और चतुर्थ वर्ष के छात्र सौरभ गुर्जर और अनंत प्रताप सिंह लगातार उनके साथ रैगिंग कर मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
शिकायत में कहा है कि नशा करने के लिए उस पर कई बार दबाव बनाया जाता है और मना करने पर मारपीट की धमकी दी जाती है। उसने बताया कि आरोपी छात्रों ने कई बार मेरे कमरे में घुसकर मारपीट की है। जबरन ऑडियो रिकार्डिंग भी की है। इससे पहले 2 फरवरी को इसी हॉस्टल में फार्मेसी के छात्रों ने लॉ के सीनियर छात्र के साथ मारपीट की थी। जिसमें यूजीसी, कुलगुरु को शिकायत करने के साथ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने छात्र कोर्ट गया था।
विवि प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
हॉस्टल में रैगिंग की लगातार हो रही घटनाओं से विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। 15 दिन में तीन शिकायतें होने के बाद भी प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। जिससे हॉस्टल में रह रहे छात्रों में भय का माहौल है। छात्रों का कहना है कि प्रबंधन मामलों को दबा रहा है।
हॉस्टल में बाहरी छात्रों का आना-जाना
छात्रों ने आरोप लगाया है कि रैगिंग करने वाले छात्रों की गैंग है, जो एक छात्र संगठन से जुड़ी है। यही कारण है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन कार्रवाई करने से बच रहा है। जबकि ये चुनिंदा छात्र लगातार घटनाएं कर रहे हैं। इतना ही नहीं, आर्यभट्ट हॉस्टल में बाहरी छात्रों का आना जाना है। वे यहां रुकते भी हैं और शराब पार्टियां भी करते हैं।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने लिए छात्र के बयान
2 फरवरी को लॉ के छात्र से हुई मारपीट के मामले में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने छात्र के बयान लिए हैं। बताया जाता है कि छात्र ने बोर्ड के सदस्यों को पूरा घटनाक्रम बताया है। उसने कहा कि आरोपी छात्र शराब के नशे में थे और मुझसे गालीगलौज करने लगे। मना करने पर संबंधित छात्रों ने लात-घूसों से मारपीट की है। वहीं आरोपी छात्रों ने मारपीट करने से इंकार किया है, जबकि घटना का वीडियाे है। अब ये मामला एंटी रैगिंग कमेटी के सामने जाएगा।
मामले से जुड़ी ये खबर भी पढें…
फार्मेसी स्टूडेंट्स ने सीनियर को लात-घूंसों से पीटा…VIDEO

ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉस्टल में फार्मेसी के स्टूडेंट्स समेत 8 लोगों ने लॉ के छात्र को लात घूंसों से जमकर पीटा। फॉर्मेसी के छात्रों ने शराब पार्टी के बाद अपने सीनियर से मारपीट की। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पढ़ें पूरी खबर…