Last Updated:
Pakistan vs India T20 World Cup: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने पर पुनर्विचार कर रहा है. श्रीलंका क्रिकेट की अपील पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी पाकिस्तान की सरकार से इस मामले में दोबारा बात करेंगे, फैसला सोमवार तक संभव है.
सरकार से PCB भारत से टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने पर करेगा बात
कराची. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ना खेलने की घोषणा कर चुका पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) यू टर्न लेने का विचार कर रहा है. जानकारी के मुताबिक बोर्ड एक बार फिर अपनी सरकार से सलाह ले सकता है ताकि श्रीलंकाई बोर्ड की उस अपील पर फैसला किया जा सके. भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेला जाना है जिसके बहिष्कार पर पुनर्विचार करने को कहा गया है.
पाकिस्तान सरकार ने पीसीबी को अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप में भेजने की अनुमति तो दी है लेकिन भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया है. यह मैच आईसीसी और उसके ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे बड़ा कमर्शियल मैच माना जाता है. इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट ने पीसीबी को एक ईमेल भेजा है, जिसमें कहा गया है कि 15 फरवरी को चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच मैच न होने से श्रीलंका क्रिकेट को आर्थिक नुकसान होगा. साथ ही टूर्नामेंट की मेजबानी और छवि को भी नुकसान पहुंचेगा, जिसे भारत के साथ मिलकर श्रीलंका आयोजित कर रहा है.
पाकिस्तान अपनी सभी मैच कोलंबो और पल्लेकेले में खेल रहा है, जिसकी शुरुआत शनिवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से होगी. एक सूत्र ने शनिवार को बताया, “जाहिर है कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हमेशा से ही सरकार और क्रिकेट स्तर पर बहुत करीबी और दोस्ताना संबंध रहे हैं. इसलिए उनके बोर्ड की मेल को ऐसे ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.”
सूत्र ने आगे बताया, “मोहसिन नकवी से सीधे श्रीलंकाई बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने संपर्क किया है और याद दिलाया है कि इस समय श्रीलंका को पाकिस्तान की जरूरत है, क्योंकि अगर पाकिस्तान और भारत के मैच नहीं होंगे तो श्रीलंकाई बोर्ड को गेट मनी, हॉस्पिटैलिटी सेल्स आदि से होने वाली अतिरिक्त आमदनी का नुकसान होगा.”
सूत्र ने बताया कि नकवी ने अपने समकक्ष (शम्मी सिल्वा) को आश्वासन दिया है कि वह सरकार से सलाह करेंगे और उन्हें जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि मीडिया में आई खबरें कि पाकिस्तान ने श्रीलंका की अपील को भी खारिज कर दिया है, सही नहीं हैं. सूत्र ने कहा, “पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी कल से देश में भी नहीं थे और आज लौट रहे हैं. वह भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री का ध्यान इस ईमेल की ओर दिलाएंगे और फिर सोमवार तक इस मामले पर फैसला लिया जाएगा.”
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल नवंबर में भी श्रीलंकाई सरकार ने पाकिस्तान का मजबूती से साथ दिया था, जब उसके कुछ खिलाड़ी सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान दौरे से वापस लौटना चाहते थे. “सिर्फ श्रीलंकाई बोर्ड ही नहीं, बल्कि सरकार ने भी खिलाड़ियों को सफेद गेंद के पूरे दौरे को पूरा करने का निर्देश दिया था.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें