T20 World Cup 2026 PAK vs NED: टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है. पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो के सिंहली मैदान पर खेला जा रहा है. नीदरलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 19.5 ओवर में 147 रन बनाए हैं. पाकिस्तान टीम ने गेंद से कमाल किया और फील्डिंग में भी जलवा दिखाया. पहले मैच की पहली पारी में ही टूर्नामेंट का पहला रोमांचक कैच देखने को मिल गया है.बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी ने मिलकर बाउंड्री पर ऐसा कैच लपका, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. फैंस इस वीडियो को बार-बार देख रहे हैं.
बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी ने मिलकर जिस बल्लेबाज का कैच पकड़ा, उसने अपनी टीम के लिए तेज शुरुआत दी थी. 15 गेंदों पर वह 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 24 रन बना चुका था, लेकिन मोहम्मद नवाज की गेंद पर उसने बाउंड्री पार भेजने की पूरी कोशिश की, जो सफल होने ही वाली थी कि बीच में बाबर आजम आ गए.
(@cricbuzz) February 7, 2026
बाबर ने करीब 50 फीसदी कैच पकड़ा और बचा हुआ काम शाहीन अफरीदी ने कर दिया. जिस बैटर का यह कैच था, वह कोई और नहीं बल्कि नीदरलैंड टीम के ओपनर माइकल लेविट थे, जो तूफानी अंदाज में बैटिंग के लिए मशहूर हैं और पाकिस्तान के लिए खतरा साबित होने वाले थे.
बार-बार वीडियो देख रहे फैंस
दरअसल, माइकल लेविट पारी के 5वें ओवर में कैच आउट हुए. यह ओवर पाकिस्तान के लिए बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज डाल रहे थे. ओवर की दूसरी बॉल पर उन्होंने सामने की तरफ बड़ा शॉट खेलना चाहा, लेकिन गेंद सही तरह से कनेक्ट नहीं हुई. बाबर आजम ने बाउंड्री पर दौड़ते हुए कैच पकड़ा, लेकिन जब उन्हें लगा कि वह कंट्रोल खो रहे हैं, तो उन्होंने गेंद को अंदर की तरफ हवा में उछालकर बाउंड्री के बाहर कदम रख दिया. इधर शाहीन दौड़ते हुए आए और गेंद को लपक लिया. इस तरह दोनों ने मिलकर कैच पूरा किया.
पाक को मिला 148 रनों का टारगेट
नीदरलैंड्स ने पहले बैटिंग करते हुए 19.5 ओवर में 147 रन बनाए. टीम के लिए कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 29 बॉल पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 37 रन बनाए. उनके अलावा ओपनर माइकल लेविट ने 24, बास डी लीडे ने 30 रनों का योगदान दिया. पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने 3, जबकि मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और साइम अयूब ने 2-2 विकेट निकाले. एक विकेट शाहीन शाह अफरीदी के खाते में गया. फिलहाल पाकिस्तान टीम इस टारगेट का चेज कर रही है.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन)- सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद
नीदरलैंड्स (प्लेइंग इलेवन)- माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (WK/C), जैच लायन कैचेट, लोगान वैन बीक, रूलोफ वैन डेर मेरवे, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, पॉल वैन मीकेरेन
ये भी पढ़ें: IND vs USA: इतिहास रचने की दहलीज पर भारत… वानखेड़े में जीतते ही Team India बना देगी धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड