सीएम डॉ. मोहन यादव आज रविवार को शहडोल जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 767 करोड़ रुपए लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे भोपाल से रवाना होकर 11:55 बजे शहडोल के लालपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे धनपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे वे लालपुर हेलीपैड से जयसिंहनगर जनपद पंचायत के गंधिया के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता के बाद 3:15 बजे रीवा के लिए रवाना होंगे। 20 करोड़ के आधुनिक वाटर पार्क का करेंगे लोकार्पण सीएम के प्रवास के दौरान जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। धनपुरी नगरपालिका की ओर से 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वाटर पार्क का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। इस वाटर पार्क में क्लब हाउस, स्विमिंग पूल सहित बच्चों और युवाओं के मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्विमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मानकों के अनुसार किया गया है। 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे कार्यक्रम में एसईसीएल की ओर से भूमि अधिग्रहण के बाद 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा, वनाधिकार पट्टों का वितरण, ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूहों को सीसीएल, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण किट और स्पॉन्सरशिप योजना के लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। श्रम विभाग द्वारा दुर्घटना, मृत्यु और सामान्य मृत्यु मामलों में हितग्राहियों को राहत राशि भी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे जयसिंहनगर जनपद क्षेत्र के सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में मुख्यमंत्री माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। यह स्थल श्रीराम वनगमन पथ से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने दंडकारण्य में प्रवेश से पूर्व गंधिया में विश्राम किया था। यहां माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है। मुख्यमंत्री गंधिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कुल 767 करोड़ रुपए की लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपए के 82 कार्यों का लोकार्पण और 134 करोड़ रुपए के 60 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। ये कार्य लोक निर्माण, ग्रामीण सड़क, नगरीय प्रशासन, जनजातीय कार्य, जल संसाधन, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और विद्युत वितरण विभागों से संबंधित हैं।
Source link