Last Updated:
अप्राकृतिक संबंध से इनकार करने पर एक नाबालिग ने 42 वर्षीय युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी और अब आरोपी नाबालिग ने अंधे कत्ल का जुर्म कबूल कर लिया है.पुलिस की तरफ से बताया गया है कि मुखबिरों को लगाया और सभी से पूछताछ की गई.
Khargone News: खरगोन जिले की कसरावद पुलिस ने एक युवक के अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा किया है. अप्राकृतिक संबंध से इनकार करने पर एक नाबालिग ने 42 वर्षीय युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी थी. आरोपी नाबालिग हत्या के बाद शव को निर्वस्त्र हालत में छोड़कर फरार हो गया था. चार दिन की गहन पूछताछ के बाद आरोपी नाबालिग ने अंधे कत्ल का जुर्म कबूल कर लिया है. कसरावद थाना क्षेत्र के बेड़ी इलाके में 31 जनवरी को अंधे कत्ल होने से कसरावद में हडकंप मच गया था.
बेड़ी क्षेत्र में मिला शव
एएसपी शकुंतला रूहल ने अंधे कत्ल का खुलासा किया. एएसपी रूहल ने मीडिया को बताया की 31 जनवरी को राकेश चौहान का शव कसरावद के पुरातत्व संग्रहालय के पास बेड़ी क्षेत्र में मिला था. नाबालिग ने मृतक युवक पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाब बनाया था. मना करने पर गुस्से में आरोपी नाबालिग ने पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी. प्रथम दृष्टया यह मामला अंधे कत्ल का प्रतीत हो रहा था.
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर एफएसएल, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की. करीब चार दिन की गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को चिन्हित कर उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया.
नाबालिग के खिलाफ की जा रही है वैधानिक कार्रवाई
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि नाराज होकर उसने गुस्से में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या कर दी और शव को मौके पर ही निर्वस्त्र हालत में छोड़कर फरार हो गया. एएसपी शकुंतला रूहल के अनुसार, आरोपी नाबालिग को विधि अनुसार अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है.