मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल करीब एक महीने से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। जहां कांग्रेस विधायक की ‘गुमशुदगी’ को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंप रही है, वहीं रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने इस पर बड़ा बयान दिया है। सांसद ने विधायक का बचाव करते हुए कहा कि वे लापता नहीं हैं, बल्कि शांति और मानसिक सुकून के लिए अवकाश पर गए हैं और जल्द ही क्षेत्र में वापस लौट आएंगे। सांसद बोले- विधायक को भी अवकाश चाहिए विधायक की गैरमौजूदगी पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना निजी जीवन होता है। उन्होंने तर्क दिया कि जनप्रतिनिधियों को लगातार काम के दबाव के बीच कभी-कभी ब्रेक की जरूरत होती है। सांसद ने कहा, “हम भी समय-समय पर छुट्टी लेते हैं। विधायक प्रदीप पटेल भी शांति पाने के लिए अवकाश पर हैं, इसमें कोई दूसरी बात नहीं है।” जब उनसे विधायक का फोन बंद होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि शांति के लिए फोन से दूर रहना जरूरी है। 3 जनवरी के विवाद के बाद से नहीं दिखे विधायक बता दें कि, विधायक प्रदीप पटेल 3 जनवरी को हुए एक जमीन विवाद के बाद से किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर नहीं आए हैं। इस बीच उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने खुद को और अपने परिवार को ‘मूसा गैंग’ से खतरा बताया था। वीडियो में वे अपने परिवार को घर के अंदर रहने और सतर्क रहने की सलाह देते हुए भावुक नजर आए थे। उसी घटना के बाद से उनका मोबाइल बंद है और वे क्षेत्र से दूर हैं। कांग्रेस ने आईजी को सौंपा ज्ञापन विधायक की इस रहस्यमयी अनुपस्थिति को कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव गुरमीत सिंह मंगू के नेतृत्व में एक दल ने रीवा आईजी से मिलकर विधायक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार अपने ही विधायक की सुरक्षा और स्थिति को लेकर चुप्पी साधे हुए है। हालांकि, भाजपा संगठन और पुलिस का दावा है कि विधायक पूरी तरह सुरक्षित हैं और भोपाल में रहकर संगठन के संपर्क में हैं।
Source link