रिपोर्ट- दीपक दंडोतिया, श्योपुर. राजस्थान के रणथंभौर नेशनल पार्क से निकलकर एक युवा टाइगर चीतों के घर यानी कूनो नेशनल पार्क पहुंचा है, जिसने वन विभाग की टेंशन बढ़ा दी है. वन विभाग का मैदानी अमला इस टाइगर पर नजर बनाए हुए है क्योंकि कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में कई चीते हैं, जिनका आमना-सामना इस टाइगर से हो सकता है. बताया गया है कि राजस्थान के कूनो पहुंचने वाला टाइगर रणथंभौर नेशनल पार्क के मशहूर टाइगर सुल्तान का बेटा है, जिसकी पहचान RBT-2512 है. वह करीब चार महीने पहले रणथंभौर से प्राकृतिक रूप से अलग होकर कूनो में अपनी टेरिटरी बनाने के लिए यहां आया है. इसे दो से तीन बार आम लोगों द्वारा देखा जा चुका है. वन अधिकारी इस बाघ पर कड़ी नजर रख रहे हैं. मौजूदा हालातों में यह चीतों से काफी दूरी बनाए हुए है, इस तरह की बात वन विभाग के अधिकारियों द्वारा कही जा रही है लेकिन जंगल में शिकार या विचरण के दौरान इस टाइगर और चीतों का आमना-सामना हुआ, तो चीतों के लिए यह घातक हो सकता है. इस वजह से वन विभाग का अमला हर पहलू को ध्यान में रखकर इस टाइगर पर नजर बनाए हुए है. यह पहली दफा नहीं है जब राजस्थान के रणथंभौर नेशनल पार्क से श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में टाइगर आए हों. इससे पहले कई अन्य टाइगर भी यहां पर आए और कई दिन रहने के बाद वापस लौट गए.