पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली इस बात से हैरान हैं कि पाकिस्तान उन अहम पॉइंट्स को छोड़ने के लिए तैयार है जो T20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके भविष्य का फैसला कर सकते हैं. पाकिस्तान की सरकार ने हाल ही में घोषणा की थी कि उनकी टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले सकती है, लेकिन वे 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर नहीं उतरेंगे. पाकिस्तानी टीम के भारत के खिलाफ मैच खेलने पर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है. अब सौरव गांगुली ने कहा कि टूर्नामेंट का हर एक मैच महत्वपूर्ण है.
सौरव गांगुली ने पाकिस्तान की हरकत पर क्या कहा?
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने रविवार को एक इवेंट में कहा, ‘मैं पाकिस्तान के वर्ल्ड कप से बाहर होने से सच में हैरान हूं. आप वर्ल्ड कप जीतने के लिए आते हैं, और हर पॉइंट जरूरी होता है. आप वर्ल्ड कप में पॉइंट्स नहीं गंवा सकते, इसलिए मैं थोड़ा हैरान हूं, लेकिन यह उनका फैसला है.’ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने PCB को चेतावनी दी है कि अगर वे प्रस्तावित बॉयकॉट करते हैं तो इसके लंबे समय तक बुरे नतीजे होंगे, और अब ICC यह पक्का करने की कोशिश कर रही है कि मैच प्लान के मुताबिक ही हो.
अब आगे क्या?
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने लाहौर में आईसीसी के सीनियर अधिकारियों के साथ लंबी और अहम बैठक के बाद अगले 24 घंटों में भारत के खिलाफ अपने ग्रुप-स्टेज मैच के बॉयकॉट पर अंतिम रुख साफ करने का फैसला किया है. पीसीबी अंतिम फैसला लेने से पहले पाकिस्तान की सरकार से सलाह ले सकता है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सलाह के बाद 2 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी.
इस संकट को रोकने की कोशिश में ICC
ICC का मुख्य फोकस इस संकट को बढ़ने से रोकना है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच सिर्फ एक क्रिकेट मुकाबला नहीं है, बल्कि टूर्नामेंट का सबसे बड़ा रेवेन्यू इस मैच से आता है. ब्रॉडकास्ट राइट्स, स्पॉन्सरशिप, विज्ञापन और वैश्विक व्यूअरशिप—सब कुछ इस एक मैच के इर्द-गिर्द घूमता है. अगर पाकिस्तान इस मुकाबले से हटता है, तो आईसीसी के ब्रॉडकास्ट पैकेज की वैल्यू पर सीधा असर पड़ेगा. इसका नतीजा यह होगा कि कम रेवेन्यू के कारण पाकिस्तान, भारत और बांग्लादेश समेत सभी सदस्य बोर्ड्स को मिलने वाले सालाना भुगतान पर असर पड़ेगा.