रिपोर्ट- श्रीनिवास, बालाघाट. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज (सोमवार) बालाघाट में रहे. वह कुछ देर पहले पुलिस लाइन स्थित कार्यक्रम स्थल के मंच पर पहुंचे. मध्य प्रदेश सरकार ने नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले 60 जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया. कार्यक्रम में हॉकफोर्स के वीर जवानों का सम्मान किया गया. वहीं 100 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया. इस दौरान सीएम मोहन यादव ने जवानों के साथ ही दोपहर का भोजन किया. पुलिस जवानों के साथ-साथ आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी भोजन किया. पूरे कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह भी सीएम के साथ मौजूद रहे.