बैतूल जिले के परतापुर के पास फोरलेन पर सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। इसमें खेत के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भर रहे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान थावड़ी निवासी मनीष कुमरे (36) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, किसान के खेत के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। मजदूर उसमें गन्ना भर रहे थे। इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर ट्रॉली के पास काम कर रहे मनीष कुमरे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि, आसपास मौजूद मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और उसे सापना के पास पकड़ लिया। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने पर बैतूल बाजार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, मनीष मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैतूल बाजार टीआई अंजना धुर्वे ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाकर यह हादसा किया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी भीड़ के बीच एक कैप्सूल ट्राला भी पलट गया।
Source link