Gautam Gambhir Dinner Party: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अगला मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को नामीबिया से होगा. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मैच से पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने निवास पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों को डिनर पर आमंत्रित किया. रविवार को हुए इस आयोजन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें स्टार स्पिनर कुलदीप यादव हेड कोच गंभीर के पिता से पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर फैंस कुलदीप की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने जीत के साथ खाता खोला. यूएसए के खिलाफ मैच को टीम इंडिया ने 29 रनों से जीतकर दो अंक हासिल किए. अगला मुकाबला दिल्ली में है, जो गौतम गंभीर का होमटाउन भी है. मौके का फायदा उठाते हुए हेड कोच ने खिलाड़ियों के लिए भव्य डिनर पार्टी का आयोजन किया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित सभी खिलाड़ी शामिल हुए.
कुलदीप ने गंभीर के पिता से लिया आशीर्वाद
गौतम गंभीर के घर पर हुए डिनर पार्टी के कई वीडियो सामने आए हैं, लेकिन एक स्पेशल लम्हा फैंस का दिल जीत रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में स्टार स्पिनर कुलदीप यादव पार्टी के बीच गंभीर के पिता के पास पहुंचे और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर के पिता भी भावुक हो गए और उन्होंने कुलदीप को गले से लगा लिया. वीडियो को देखकर फैंस कुलदीप यादव की सरलता और संस्कार की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
— Zee News (@ZeeNews) February 9, 2026
ट्रॉफी डिफेंड करना है टीम इंडिया का मिशन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. हालांकि, ये आसान नहीं होगा क्योंकि कोई भी टीम अभी तक अपने घर पर और बैक टू बैक दो बार इस खिताब पर कब्जा नहीं कर सकी है. करोड़ों फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली ये टीम हिस्ट्री को डिफीट कर ‘हिस्ट्री रीपीट’ करने में कामयाबी हासिल करेंगे. बता दें कि भारत ने इससे पहले 2024 और 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था.
ये भी पढ़ें: Harshit Rana ने दी ऐसी खुशखबरी…फैंस ने ली राहत की सांस