Last Updated:
Wanindu Hasaranga broke shahid Afridi record t20 world cup: श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा ने टी20 वर्ल्ड कप में शाहिद अफरीदी का एक बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. दरअसल, वह टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले शाहिद अफरीदी दूसरे स्थान पर थे, जो अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में हसरंगा ने तीन विकेट चटकाकर ये कारनामा किया.
वानिंदु हसरंगा ने तोड़ा अफरीदी का रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का धमाकेदार आगाज हुआ है. पहले ही दिन से रिकॉर्ड्स टूटने का सिलसिला शुरू हो चुका है. टूर्नामेंट के छठे मुकाबले में श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा ने बड़ा कारनामा कर दिया. हसरंगा ने आयरलैंड के खिलाफ हुए इस मुकाबले में किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए, जिसने श्रीलंका को 20 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अपने इस प्रदर्शन के साथ ही हसरंगा ने पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
हसरंगा ने तोड़ा अफरीदी का रिकॉर्ड
श्रीलंका के 28 साल के इस स्टार ने 2021 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेला था. तब से अब तक हसरंगा 40 विकेट चटका चुके हैं. आयरलैंड ने खिलाफ मैच में उनका तीसरा विकेट टी20 वर्ल्ड कप में 40वां शिकार रहा. इसी के साथ उन्होंने शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अफरीदी ने 2007 से 2016 के बीच 34 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेला, जिनमें 39 विकेट चटकाए थे. हसरंगा अब सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली इस लिस्ट में अफरीदी को पीछे छोड़कर दूसरे नंबर पर आ चुके हैं.
वानिंदु हसरंगा ने तोड़ा अफरीदी का रिकॉर्ड.
इतिहास रचने का मौका
हसरंगा के पास मौजूदा टूर्नामेंट में इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं. फिलहाल बांग्लादेश के शाकिब अल हसन इस सबसे ऊपर हैं. उन्होंने 43 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 50 विकेट चटकाए. हसरंगा को इस रिकॉर्ड को तोड़ना है तो शानदार प्रदर्शन जारी रखना होगा. हसरंगा अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 20 मुकाबले ही खेले हैं, जिसमें उन्होंने 6.01 की इकॉनमी से बॉलिंग की है.
मलिंगा का भी तोड़ा रिकॉर्ड
हसरंगा ने लसिथ मलिंगा का एक महा रिकॉर्ड भी ध्वस्त किया. वह श्रीलंका के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. मलिंगा ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 38 विकेट चटकाकर टॉप पर बने हुए थे, लेकिन अब हसरंगा ने रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. मलिंगा ने 31 मैचों में 5/31 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 38 शिकार किए थे.
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
शाकिब अल हसन – 50
वानिंदु हसरंगा – 40*
शहीद अफरीदी – 39
राशिद खान – 38
लसिथ मलिंगा – 38
श्रीलंका की जीत से शुरुआत
श्रीलंका ने जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत की है. श्रीलंका भारत के इस टूर्नामेंट का संयुक्त मेजबान है. उसने अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को 20 रन से हराया. कुसल मेंडिस ने 56 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसके बाद कामिन्दु मेंडिस ने तेज तर्रार 44 रन ठोके, जिससे श्रीलंका ने 163/6 रन का स्कोर बोर्ड पर लगाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड के बल्लेबाज 143 रन पर ढेर हो गए. हसरंगा के अलावा महीश तीक्षणा ने तीन विकेट, मथीशा पथिराना ने दो विकेट, दुष्मंता चमीरा और दुनिथ वेलालागे ने एक-एक विकेट चटकाया. श्रीलंका की अगली टक्कर ओमान से है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें