Last Updated:
Indian Cricketers with doctorate degree: फैंस ने क्रिकेट के मैदान पर तो सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी समेत भारत के कई दिग्गज क्रिकेटर्स को विरोधियों की धज्जियां उड़ाते तो देखा होगा, लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे कि ये दिग्गज ‘डॉक्टर’ भी हैं. दरअसल, इन दिग्गजों को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया. इस आर्टिकल में हम ऐसे ही 9 भारतीय क्रिकेटर्स के बारे में बताने जा रहे हैं.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा समय में वनडे फॉर्मेट खेले रहे दिग्गज ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा को हाल ही में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया. मुंबई के अजिंक्य डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी ने रोहित शर्मा को यह सम्मान दिया. रोहित शर्मा का नाम भारत के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाजों में शुमार है.
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है. ‘गॉड ऑफ क्रिकेट’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को मैसूर विश्वविद्यालय ने इस सम्मान से नवाजा था. सचिन तेंदुलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 100 शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं.
भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी इस लिस्ट में शामिल हैं. धोनी ने भारतीय क्रिकेट को तमाम अमूल्य तोहफे दिए. उनकी कप्तानी में भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतीं. 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में टीम इंडिया धोनी की ही कप्तानी में चैंपियन बनी. भारतीय क्रिकेट में उनके इस योगदान के लिए धोनी को डी मोंटफोर्ट यूनिवर्सिटी ने डॉक्टरेट डिग्री से सम्मानित किया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भारत और दुनिया के महान ओपनर बल्लेबाजों में शामिल सुनील गावस्कर को कर्नाटक विश्वविद्यालय ने मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया था. गावस्कर टेस्ट क्रिकेट में 10000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं. उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड है, जो अब तक कायम हैं.
पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली भी डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित हैं. ‘प्रिंस ऑफ कोलकाता’ कहे जाने वाले गांगुली को बंगाल इंजीनियरिंग एंड साइंस यूनिवर्सिटी ने इस डिग्री से सम्मानित किया था. गांगुली का नाम भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों और कप्तानों में गिना जाता है.
पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को भी डॉक्टरेट डिग्री से सम्मानित किया गया है. मौजूदा समय में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड लक्ष्मण को TERI यूनिवर्सिटी ने यह सम्मान दिया. लक्ष्मण भारतीय टेस्ट क्रिकेट के उन बल्लेबाजों में शुमार हैं, जिन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन से टीम इंडिया को कई रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभाई.
मिडिल ऑर्डर के शानदार बल्लेबाज और जबरदस्त फील्डिंग के चलते भारतीय क्रिकेट के दिग्गज क्रिकेटर्स में शामिल सुरेश रैना के पास भी डॉक्टरेट डिग्री है. उन्हें चेन्नई की VELS यूनिवर्सिटी ने खेल में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया था. रैना को मिस्टर आईपीएल भी कहा जाता है. वह लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आविष्कार साल्वी इकलौते ऐसे भारतीय हैं, जिन्होंने पढ़ाई के जरिए डॉक्टरेट डिग्री हासिल की. आविष्कार साल्वी ने एस्ट्रोफिजिक्स में PHD की थी, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरेट डिग्री मिली. उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा. आविष्कार को भारत के लिए सिर्फ चार ही वनडे मैच खेलने का मौका मिला.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट के कोच रहे चद्रकांत पंडित को डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित हैं. उन्हें IES यूनिवर्सिटी, भोपाल से यह सम्मान मिला.चद्रकांत पंडित ने घरेलु क्रिकेट में मुंबई के लिए ढेरों रन बनाए. हालांकि, टीम इंडिया के लिए उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. क्रिकेट से संन्यास के बाद वह कोचिंग के मैदान में उतरे. उन्होंने विदर्भ को दो बार चैंपियन बनाया. 2024 में जब केकेआर ने आईपीएल का खिताब जीता, तब चंद्रकांत पंडित केकेआर ही कोच थे.