Last Updated:
MP Board Exam News: एमपी बोर्ड 2026 परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर 7 चैनलों के जरिए फर्जी प्रश्न-पत्र बेचे जा रहे थे. बोर्ड के लोगो का दुरुपयोग किया गया. साइबर क्राइम ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जानें पूरा केस…
Bhopal News: मध्य प्रदेश बोर्ड की कक्षा 10वीं-12वीं की परीक्षाएं शुरू होने से पहले टेलीग्राम पर फर्जी प्रश्न-पत्र बेचने का बड़ा गैंग सक्रिय हो गया है. जालसाजों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल का आधिकारिक लोगो और मोनोग्राम का दुरुपयोग कर फर्जी पेपर को असली का लुक दिया है. छात्रों से पैसे वसूलने के लिए ये चैनल दावा कर रहे हैं कि “असली पेपर लीक हो गया है”.
सात चैनल के पता चले नाम
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने इस मामले की शिकायत साइबर क्राइम सेल में दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि टेलीग्राम पर कई चैनल छात्रों को फर्जी प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर पैसे मांग रहे हैं. ये सभी चैनल बोर्ड के आधिकारिक लोगो का इस्तेमाल कर छात्रों को बेवकूफ बना रहे थे. एक चैनल पर तो ₹499 से ₹1999 तक के “पैकेज” बेचे जा रहे थे. जांच में साइबर क्राइम टीम को 7 सक्रिय चैनल मिले जिनके नाम इस प्रकार हैं:
1. एमपी बोर्ड एग्जाम 2026
2. एमपी बोर्ड पेपर
3. एमपी बोर्ड 2025 पेपर
4. MP बोर्ड पर पेपर लीक
5. ऑल इंडिया बोर्ड्स पेपर 2026
6. एमपी बोर्ड ऑफिशल
7. एमपी बोर्ड प्रश्न 2026
फर्जीवाड़े के झांसे में न आएं
साइबर क्राइम सेल ने तुरंत FIR दर्ज कर ली है और इन चैनलों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, जालसाजों का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है. बोर्ड ने सभी छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि ऐसे फर्जीवाड़े में न फंसे. किसी पेपर के झांसे में न आएं. ऐसे पेपर असली नहीं होते.
जल्द होंगी गिरफ्तारियां
बोर्ड के सचिव ने कहा, “परीक्षा की शुचिता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है. ऐसे फर्जीवाड़े में पैसे देने वाले छात्र खुद को नुकसान पहुंचा रहे हैं.” साइबर क्राइम सेल ने कहा कि जल्द ही चैनल एडमिन्स को ट्रैक कर गिरफ्तार किया जाएगा. यह मामला बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले सामने आया है, जिससे हड़कंप मचा हुआ है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें