शादी समारोह से लौटने के बाद खुला चोरी का राज
सीधी जिले के बघेड़ी गांव की रहने वाली महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ रीवा में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी. शुक्रवार रात समारोह से लौटने के बाद महिला ने अपने सोने-चांदी के जेवरात उतारकर टिफिन में रख दिए और घर के कामों में लग गई. कुछ देर बाद जब उसने देखा, तो टिफिन समेत सारे गहने गायब थे. यह देखते ही महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई. घबराई महिला ने तुरंत Chorahata Police Station में चोरी की शिकायत दर्ज कराई.
जांच के दौरान गायब मिला बेटा, बढ़ा शक
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. इसी दौरान यह बात सामने आई कि महिला का नाबालिग बेटा भी घर से गायब है. इसके बाद पुलिस का शक उसी पर गहराने लगा. हालांकि शुरुआत में किसी को यकीन नहीं हुआ कि बेटा ही ऐसी हरकत कर सकता है.
मोबाइल लोकेशन ने खोल दी पूरी कहानी
पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया. लोकेशन पहले चोरहट और फिर सीधी जिले के जमोड़ी क्षेत्र में मिली. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को पकड़ लिया. शुरुआती पूछताछ में नाबालिग चोरी से इनकार करता रहा और पुलिस को अलग-अलग जगहों पर भेजकर घंटों तक गुमराह करता रहा. लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया.
दोस्त के घर छिपाए थे 15 लाख के गहने
नाबालिग ने बताया कि उसने सारे जेवरात सीधी जिले के जमोड़ी क्षेत्र में अपने एक नाबालिग दोस्त के घर छिपा दिए हैं. पुलिस ने देर रात दबिश देकर पूरे 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए.
ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी वजह
चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि नाबालिग ऑनलाइन गेमिंग का आदी है. गेम में हार-जीत और पैसों के लेन-देन की बात भी सामने आई है. आशंका है कि गेम में हुए नुकसान या कर्ज की भरपाई के लिए उसने यह कदम उठाया.
मां को मिले गहने, समाज के लिए बड़ी चेतावनी
पीड़ित महिला ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि गहने वापस मिल गए हैं. बेटे ने अपनी गलती मान ली है और दोबारा ऐसा न करने का वादा किया है.
यह घटना सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना अब बेहद जरूरी हो गया है. ऑनलाइन गेमिंग की लत कब अपराध का रूप ले ले, इसका अंदाजा इस मामले से लगाया जा सकता है.