अठन्नी चवन्नी पानीपुरी, शिवपुरी: अगर आप इन दिनों शिवपुरी के सदर बाजार पहुंच जाएं, तो आपको एक बात साफ महसूस होगी यहां चर्चा कपड़ों, चप्पलों या गहनों की नहीं, बल्कि अठन्नी-चवन्नी की पानीपुरी की हो रही है. टेकरी के पास लगने वाला यह छोटा-सा ठेला आज पूरे शहर की पहचान बन चुका है. दोपहर से लेकर शाम तक यहां ऐसी भीड़ रहती है कि कई बार खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती. लोग जहां बैठते हैं, वहीं से बात शुरू हो जाती है अठन्नी-चवन्नी की पानीपुरी खाई क्या?
हर गली में पानीपुरी, लेकिन स्वाद सिर्फ यहीं का
पानीपुरी तो हर शहर में मिल जाती है, मगर सदर बाजार वाली पानीपुरी की बात ही अलग है. यहां का पानी न ज्यादा तीखा है, न ज्यादा मीठा. धनिया, काला नमक और घरेलू मसालों से बना यह पानी बिल्कुल बैलेंस में होता है. सबसे खास बात यह है कि चाहे कितनी भी भीड़ हो, स्वाद कभी नहीं बदलता. लोग कहते हैं इस पानीपुरी का असली स्वाद ठेले वाले के हाथ में है.” एक बार खाने वाला दोबारा जरूर लौटता है.
महिलाओं की पहली पसंद बन चुकी है यह पानीपुरी
सदर बाजार आने वाली ज्यादातर महिलाएं यहां बिना पानीपुरी खाए लौटती ही नहीं. कई महिलाएं तो मानती हैं कि वे खरीदारी से ज्यादा पानीपुरी के लिए आती हैं. हल्का, साफ और स्वाद में परफेक्ट पानी उन्हें खूब पसंद आता है. सहेलियों के साथ आकर पानीपुरी खाना अब यहां रोज़ का नज़ारा बन चुका है. यही वजह है कि अब शिवपुरी में मज़ाक में कहा जाने लगा है मार्केट नहीं, पानीपुरी चल रही है.
9 साल की मेहनत और मजाकिया अंदाज़ ने बनाया स्टार
इस ठेले के पीछे हैं दीपेंद्र सिंह, जिन्हें लोग प्यार से अठन्नी-चवन्नी कहते हैं. यह नाम लोगों ने ही दिया और अब यही उनकी पहचान बन गया है. दीपेंद्र पिछले 9 साल से पानीपुरी बेच रहे हैं. शुरुआत में ग्राहक कम थे, लेकिन साफ-सफाई, स्वाद और ईमानदारी ने धीरे-धीरे भरोसा बना लिया. ऊपर से उनका मजाकिया अंदाज़ हंसी-मजाक के साथ पानीपुरी मिलती है, तो मज़ा दोगुना हो जाता है. आज उनकी मेहनत उन्हें हर महीने करीब 50 हजार रुपये तक पहुंचा चुकी है.
100 किलोमीटर दूर से भी खींच लाता है स्वाद
सिर्फ शिवपुरी ही नहीं, बाहर से आने वाले लोग भी इस पानीपुरी के दीवाने हैं. दतिया से आने वाले सौरभ बताते हैं कि वे करीब 100 किलोमीटर दूर से आते हैं, लेकिन शिवपुरी आए और सदर बाजार की पानीपुरी न खाई ऐसा हो ही नहीं सकता. यही स्वाद उन्हें बार-बार यहां खींच लाता है.