गुना में जली हुई अवस्था में मिला युवक: 90% झुलसा; ग्वालियर ले जाते वक्त मौत; CCTV में बाइक से अकेला जाते दिखा था – Guna News

गुना में जली हुई अवस्था में मिला युवक:  90% झुलसा; ग्वालियर ले जाते वक्त मौत; CCTV में बाइक से अकेला जाते दिखा था – Guna News




गुना में कैंट थाना इलाके में महू खान गांव के पास जली हुई अवस्था में मिले युवक की मौत हो गई। उसे ग्वालियर रेफर किया गया था। परिवार के लोग उसे ग्वालियर ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। बता दें कि सेमरा गांव का रहने वाला विकास पुत्र मनोज रघुवंशी वर्तमान में गुना शहर की साईं सिटी कॉलोनी में रहता था। सोमवार सुबह लगभग 8 बजे वह घर से कटिंग कराने जाने का बोलकर अपनी बाइक से निकला था। पैसे और सामान पास में पड़े मिले
सुबह लगभग 9 बजे के आसपास मावन से महू खाने जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक युवक को जली हुई अवस्था में देखा। उसकी बाइक सड़क किनारे ही खड़ी हुई थी। तब तक युवक बात कर रहा था। उसने अपना नाम विकास बताया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी हुई थी। वहीं जिस जगह वो जली हुई अवस्था में मिला, उसके पास ही पैसे भी अलग रखे हुए थे। उसकी जेब में जो सामान था, वो भी किनारे पर रखा हुआ था। पैसे और उस सामान में आग नहीं लगी थी। हालांकि, इस घटना में उसका मोबाइल पूरी तरह जल गया है। 90 फीसदी जला
जिला अस्पताल में उसका इलाज शुरू किया गया। युवक 90% से ज्यादा झुलस गया था। सोमवार रात डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे लेकर ग्वालियर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिवार वाले उसे वापस लेकर जिला अस्पताल आए। यहां मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। पीएम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है। कैंट थाना प्रभारी TI अनूप भार्गव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वह बेसुध था, इसलिए उसके बयान नहीं हो पाए हैं।



Source link