टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज पाकिस्तान अपना दूसरा मुकाबला अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी. इस मैच से पहले अमेरिकी टीम की परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं. पाकिस्तान के खिलाफ 10 फरवरी को होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले USA को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज जसदीप सिंह कंधे में चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.32 वर्षीय जसदीप सिंह को यह चोट 5 फरवरी को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी. उस मुकाबले में वह एक भी ओवर नहीं डाल पाए थे. इसके बाद वह वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ USA के पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं बन सके.
एहसान आदिल को जगह
आईसीसी ने जसदीप सिंह के स्थान पर एहसान आदिल को USA टीम में शामिल करने की एलाऊ कर दिया है. एहसान आदिल इससे पहले पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए तीन टेस्ट और 6 वनडे मुकाबले खेले हैं, लेकिन अभी तक USA टीम के लिए कोई आधिकारिक मैच नहीं खेला है. यूएसए के लिए यह उनके इंटरनेशनल करियर का पहला मुकाबला होगा.
प्रैक्टिस के दौरान हुए चोटिल
आईसीसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने जसदीप सिंह की जगह एहसान आदिल को USA टीम में शामिल करने को मंजूरी दी है. जसदीप सिंह 5 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच के दौरान दाएं कंधे में चोटिल हो गए थे. खास बात यह है कि एहसान आदिल अपना पहला मुकाबला अपने ही देश पाकिस्तान के खिलाफ खेल सकते हैं. USA और पाकिस्तान के बीच यह मैच कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा.
गेंदबाजी बनी टेंशन
यूएसए की टीम में गेंदबाजी डिपार्टमेंट चिंता की वजह बन गई है. पहले जसजीप सिंह चोटिल हुए और अब खबर आ रही 2 और तेज गेंदबाज चोटिल हैं. भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान अली खान और शुभम रंजन दोनों ही चोटिल हो गए थे. दोनों ही मैदान पर फील्डिंग के दौरान चोट का शिकार हो गए. पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी उनके खेलने पर संदेह बना हुआ है. लगातार खिलाड़ियों को लगती चोट यूएसए के लिए बड़ी चिंता का विषय है. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ आज काफी कुछ साफ हो जाएगा.
ये भी पढ़ें : डी कॉक ने की धोनी के प्रचंड रिकॉर्ड की बराबरी, टी20 विश्व कप में ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी, आसपास भी नहीं कोई