शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मगरौनी रोड स्थित सिंध नदी पुल पर सोमवार को एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान ग्वालियर जिले के ग्राम बारौल निवासी गुलशन जाटव (28) के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, गुलशन जाटव सोमवार रात करीब 9 बजे गांव के ही सरमन कुशवाह, रवि कुशवाह, राकेश कुशवाह और हरविंदर सिंह के साथ घर से निकला था। इसके बाद देर रात करीब 3-4 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गुलशन की मौत नरवर-मगरौनी रोड स्थित सिंध नदी पुल पर हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन पहले डबरा देहात थाना पहुंचे और फिर नरवर आए, जहां गुलशन का शव नरवर स्वास्थ्य केंद्र के पीएम हाउस में रखा मिला। मृतक के भाई रविंद्र जाटव ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि जिन चार लोगों के साथ गुलशन घर से निकला था, उन्हीं चारों ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस संबंध में नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
Source link