भक्तिमय माहौल में गूंजे संत रविदास के जयकारे: आगर मालवा में निकला भव्य चल समारोह; सुसज्जित रथ पर विराजे संत – Agar Malwa News

भक्तिमय माहौल में गूंजे संत रविदास के जयकारे:  आगर मालवा में निकला भव्य चल समारोह; सुसज्जित रथ पर विराजे संत – Agar Malwa News




संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती के अवसर पर सोमवार को आगर मालवा में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। संत रविदास समाज द्वारा आयोजित चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। भक्ति गीतों और जयकारों के साथ निकले इस जुलूस ने पूरे शहर को सामाजिक समरसता के रंग में सराबोर कर दिया। प्रमुख मार्गों से गुजरा कारवां चल समारोह का शुभारंभ पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर से हुआ। समारोह के केंद्र में एक भव्य और सुसज्जित रथ था, जिसमें संत रविदास महाराज का चित्र विराजमान किया गया था। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों पुराना अस्पताल चौराहा और सरकार बाड़ा से होते हुए कानड़ दरवाजा बाहर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ का स्वागत किया। समाज को दिशा देते हैं संत रविदास के विचार कानड़ दरवाजा स्थित समाज की धर्मशाला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय और नगरपालिका अध्यक्ष निलेश जैन अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके समानता और मानवता के संदेश आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज से संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान धर्मशाला परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। समाज के वरिष्ठ जनों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसादी का वितरण किया गया। जयकारों की गूंज और भक्तिमय भजनों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।



Source link