सेलेक्शन कमेटी का दरवाजा तोड़कर आएगा गेंदबाज, 2 सीजन में 90 विकेट लिया

सेलेक्शन कमेटी का दरवाजा तोड़कर आएगा गेंदबाज, 2 सीजन में 90 विकेट लिया


नई दिल्ली. जिसके हाथ का हुनर बोलता हो उसको कुछ कहने की जरूरत नहीं होती. जिसका काम लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा हो उसे कुछ दिखाने की जरूरत नहीं होगी. कुछ ऐसा ही किरदार इन दिनों क्रिकेट के मैदान पर देखने को मिल रहा है नाम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी. इस तेज गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में अपनी जादुई गेंदबाजी से तहलका मचा रखा है.

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 12 विकेट चटकाकर उन्होंने न केवल अपनी टीम को पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचाया, बल्कि भारतीय टेस्ट टीम के दरवाजे पर भी जोरदार दस्तक दे दी है. उमरान मलिक के बादआकिब नबी दूसरे ऐसे गेंदबाज है जिनका नाम जम्मू से बहुत तेजी के साथ आगे आया और एक साल के अंदर ही ये नाम घरेलू क्रिकेट पर छा गया है.

आकिब नबी: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट का नया ‘सुल्तान’

जब से आकिब नबी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कदम रखा है, उनकी रफ्तार और सटीकता ने दिग्गजों को प्रभावित किया है. 9 फरवरी 2026 को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उन्होंने इतिहास रच दिया. पहली पारी में 7/40 और दूसरी पारी में 5/70 का आंकड़ा छूते हुए उन्होंने कुल 121 रनों पर 12 विकेट लिए, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. नबी उन गेंदबाजों की लिस्ट में अपना नाम लिखवा चुके है तो विकेट लेने के लिए ना तो पिच की तरफ देखता है और ना परिस्थिति का मोहताज.

2025-26 सीजन के आंकड़े

आकिब नबी इस समय रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं: आकिब ने कुल विकेट 46 विकेट हासिल किए है. इस सीजन में नबी ने  5-विकेट हॉल 5 बार लिया. इस सीजन तेज गेंदबाज का विकेट लेने का औसत: 12.54 का रहा जो कमाल है.

गेंदबाजी शैली: स्विंग और नियंत्रण का मेल

आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत उनकी 130-135 किमी/घंटा की रफ्तार के साथ गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता है.  उनकी गेंदबाजी शैली की तुलना अक्सर भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी से की जाती है.  उनकी कलाई की स्थिति इतनी शानदार है कि वह पिच से मूवमेंट हासिल करने में माहिर हैं. वह केवल गति पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि बल्लेबाजों को अपनी लाइन और लेंथ से भ्रमित करते हैं. नबी लंबे समय तक बिना थके एक ही टप्पे पर गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं.

टेस्ट डेब्यू के लिए तैयार!

भारतीय चयनकर्ताओं की नजरें अब इस 29 वर्षीय गेंदबाज पर टिकी हैं। पिछले दो सत्रों में आकिब ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 90 से अधिक विकेट लिए हैं. दलीप ट्रॉफी 2025-26 में 4 गेंदों में 4 विकेट लेकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी.  हाल ही में हुए IPL 2026 ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदकर उनकी काबिलियत पर मुहर लगाई है. आकिब नबी न केवल एक घातक गेंदबाज हैं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी (जैसे विजय हजारे ट्रॉफी में 114 रन) भी कर सकते हैं, जो उन्हें एक आदर्श टेस्ट ऑलराउंडर का विकल्प बनाता है.
जम्मू-कश्मीर अब 15 से 19 फरवरी 2026 के बीच बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी, जहाँ सबकी नजरें फिर से ‘स्विंग के सुल्तान’ आकिब नबी पर होंगी.



Source link