MP Weather News: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता दिख रहा है. जिसके बाद प्रदेश में अगले दो दिन कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी भी आएगी.
मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक तेज ठंड से राहत रहेगी. इस दौरान दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बारिश के भी कोई आसार नहीं हैं. अब कैसा रहने वाला है मौसम का हाल, देखें रिपोर्ट.
पहाड़ी इलाकों की बर्फ से बढ़ी एमपी में ठंड
भोपाल के मौसम वैज्ञानिक डॉ अरुन शर्मा के मुताबिक, पहाड़ों के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन आगे बढ़ रहा है. जैसे ही यह सिस्टम कमजोर होगा और बर्फ पिघलेगी, उसके बाद उत्तर से ठंडी हवाएं फिर से प्रदेश में असर दिखाएंगी. इसी कारण फरवरी महीने में मौसम में बार-बार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
अब धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान
मध्यप्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को दिनभर तेज धूप रही. इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि, रात और तड़के सुबह ठंड का असर अभी बना रहेगा, लेकिन पारा धीरे-धीरे ऊपर चढ़ेगा.
13 से 15 फरवरी के बीच फिर बढ़ेगी ठंड
एमपी के मौसम को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि सिस्टम गुजरने के बाद 13, 14 और 15 फरवरी को तापमान में गिरावट आएगी. इस दौरान उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण एक बार फिर ठिठुरन बढ़ सकती है.
प्रदेश में कटनी का इलाका सबसे ठंडा, तापमान 5.9 दर्ज
रविवार-सोमवार की रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. जहां प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान कटनी का करौंदी रहा, यहां तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा खजुराहो में तापमान 6.4 दर्ज हुआ तो शहडोल के कल्याणपुर में 6.6 डिग्री, पचमढ़ी में 7.4, अमरकंटक में 7.8 तक पारा दर्ज हुआ है.
बड़े शहरों के मौसम का हाल
मध्यप्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, इंदौर में 11.2, ग्वालियर में 10.6, उज्जैन में 12.4 और जबलपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
अगले दो दिन का मौसम अनुमान
एमपी में 11 फरवरी को दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी. दिन में धूप तेज रहेगी.
एमपी में 12 फरवरी को तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. ठंड का असर मुख्य रूप से रात और सुबह के समय ही रहेगा.