नरसिंहपुर जिले के रमपुरा गांव में बुधवार शाम एक कुत्ते ने 80 साल के बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया। बुजुर्ग बालाप्रसाद पटेल उस वक्त हादसे का शिकार हुए जब वे सूखा ढिगसरा से वापस लौट रहे थे। बुजुर्ग के बेटे ओमप्रकाश ने बताया कि उनके पिता शाम करीब 5 बजे सूखा ढिगसरा में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे, तभी एक कुत्ते ने पीछे से उन पर हमला कर दिया और काट लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कुत्तों का आतंक इतना है कि वे पहले भी कई लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं। इंजेक्शन नहीं मिला तो किया रेफर घायल बुजुर्ग को तुरंत तेंदूखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां प्राथमिक इलाज के बाद पता चला कि एक जरूरी इंजेक्शन मौजूद नहीं है। इस वजह से डॉक्टर ने उन्हें नरसिंहपुर रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी गाड़ी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों में गुस्सा इस घटना के बाद से गांव वालों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाए जाएं।
Source link