T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का दूसरा मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को नामीबिया से होगा. हालांकि, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. पहले तो अभिषेक शर्मा पेट में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे. वो डिस्चार्ज तो हो चुके हैं, लेकिन खेलने पर सस्पेंस बरकरार है. इस बीच प्रैक्टिस सेशन में जसप्रीत बुमराह का सामना करते हुए अभिषेक के साथी ईशान किशन भी घायल हो गए.
बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन के दौरान जसप्रीत बुमराह ने एक खतरनाक यॉर्कर फेंका, जिसपर ईशान किशन घायल हो गए. गेंद सीधे उनके जूते पर लगी और उसके बाद वो थोड़े दर्द में दिखे. हालांकि, उम्मीद ये लगाई जा रही है कि चोट ज्यादा गंभीर ना हो, वरना टीम इंडिया मुसीबत में फंस सकती है. भारतीय टीम के लिए राहत की बात यह थी कि ईशान उठ खड़े हुए और उन्होंने अभ्यास फिर से शुरू कर दिया। नेट से जाने से पहले उन्होंने पांच मिनट तक बल्लेबाजी जारी रखी.
चोट के चंगुल में फंसी टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, लेकिन इस सफर में चोट रास्ते का कांटा बन रहा है. वॉशिंगटन सुंदर अभी फिट होकर टीम से जुड़े ही थे कि अभिषेक शर्मा पेट में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती हो गए. इससे पहले यूएसए के खिलाफ मैच में बुमराह तबीयत खराब होने की वजह से नहीं खेले थे. अब ईशान किशन को चोट लग गई है. उम्मीद है, बुमराह की विस्फोट यॉर्कर ने ईशान को ज्यादा दर्द नहीं दिया होगा, नहीं तो टेंशन का सबब और बढ़ सकता है.
आज सुबह प्रेस से बात करते हुए तिलक वर्मा ने कहा कि अभिषेक की तबीयत में सुधार दिख रहा है, लेकिन उनकी उपलब्धता पर फैसला मैच वाले दिन ही लिया जाएगा। हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, भारत उन्हें प्लेइंग इलेवन में जल्दबाजी में शामिल नहीं करेगा, खासकर तब जब टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले के लिए कोलंबो जा रही है
ये भी पढ़ें: 6,6,6,4… सुपर ओवर में एक ही बल्लेबाज ने कूट दिए इतने रन, गेंदबाज की धज्जियां उड़ाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड