शिवपुरी के इंदार गांव में डेढ़ करोड़ की चोरी: दो घरों से 1 किलो सोना, ढाई किलो चांदी और 20 लाख नकद पार – Shivpuri News

शिवपुरी के इंदार गांव में डेढ़ करोड़ की चोरी:  दो घरों से 1 किलो सोना, ढाई किलो चांदी और 20 लाख नकद पार – Shivpuri News




शिवपुरी में अज्ञात चोरों ने इंदार गांव के दो घरों को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की चोरी कर ली। चोर लगभग 1 किलो सोना, ढाई किलो चांदी और करीब 20 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सबसे बड़ी चोरी इंदार गांव निवासी चंद्रभान रघुवंशी के घर हुई। परिजन आशीष रघुवंशी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 12 बजे सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। तीन बक्सों के ताले तोड़े
चोरों ने कमरे में रखे तीन बक्सों के ताले तोड़ दिए। इनमें रखी 17 सोने की अंगूठियां, 3 सोने के हार, 4 सोने की चेन, पुरानी सोने की मोहरें और करीब दो किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बताया गया है कि करीब 50–60 तोला सोना नया था, जबकि लगभग 50 तोला सोना पुस्तैनी था, जिसे एक ही स्थान पर रखा गया था। 20 लाख नकद भी ले गए चोर
आशीष रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मक्का बेचकर 15 लाख रुपए घर पर रखे थे। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपए पहले से घर में मौजूद थे। इस तरह चोर कुल 20 लाख रुपए नकद भी अपने साथ ले गए। दूसरे घर में भी चोरी
इसी रात चोरों ने गांव के ही रामवीर सिंह रघुवंशी के घर को भी निशाना बनाया। परिजन शिवकुमार रघुवंशी के अनुसार, चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 12 तोला सोने के जेवरात, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 3 से 4 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।



Source link