Hair Care Tips: आजकल कम उम्र में ही बाल सफेद होना आम बात हो गई है. 20-25 साल के युवा भी ग्रे हेयर से परेशान दिख रहे हैं. ऐसे में लोग तुरंत केमिकल हेयर डाई का सहारा लेते हैं, जो कुछ समय तो बालों को काला कर देती है, लेकिन बाद में बालों को रूखा, बेजान और कमजोर बना देती है. अगर आप भी सफेद बालों की समस्या से जूझ रहे हैं और केमिकल से दूरी बनाना चाहते हैं, तो यह हर्बल हेयर डाई आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है.
क्या-क्या लगेगा? (एक बार के लिए सामग्री)
हिना पाउडर – 4 बड़े चम्मच
इंडिगो पाउडर – 4 बड़े चम्मच
आंवला पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
जटामासी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
ताजे करी पत्ते – 10–12
दालचीनी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
हल्दी – एक चुटकी
चायपत्ती – 2 छोटे चम्मच
कॉफी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत अनुसार
ऐसे तैयार करें हर्बल कलर बेस
डेढ़ कप पानी में चायपत्ती और कॉफी डालकर 5-7 मिनट तक उबाल लें. जब पानी गहरा भूरा या लगभग काला हो जाए, तो इसे छान लें. यही पानी आपकी नेचुरल डाई का बेस बनेगा.
डाई बनाने का सही तरीका
सबसे पहले हिना, आंवला और जटामासी पाउडर को इस हर्बल पानी में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इसे 6-8 घंटे या रातभर ढककर रखें. इसके बाद अलग बर्तन में इंडिगो पाउडर में हल्का गुनगुना पानी मिलाएं. 10 मिनट बाद इसे हिना पेस्ट में मिला दें. अब पीसा हुआ करी पत्ता, दालचीनी और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. ध्यान रखें पेस्ट न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा.
लगाने का सही तरीका
बाल साफ और बिना तेल के होने चाहिए. हल्के गीले बालों में जड़ों से लेकर सिरों तक पेस्ट लगाएं. शावर कैप पहनकर 45 मिनट से 1 घंटे तक छोड़ दें. धोते समय सिर्फ सादा पानी इस्तेमाल करें. 48 घंटे तक शैंपू न करें, ताकि रंग अच्छी तरह सेट हो सके.
कितनी बार लगाएं?
शुरुआत में एक महीने तक हफ्ते में एक बार लगाएं. उसके बाद 15-20 दिन में एक बार या जरूरत के अनुसार.
जरूरी सावधानियां
हल्दी ज्यादा न डालें, वरना पीला टोन आ सकता है. मेटल बाउल का इस्तेमाल न करें. पहले पैच टेस्ट जरूर करें. अगर पहले से केमिकल डाई लगी है तो 3-4 हफ्ते का गैप रखें.
एक्सपर्ट की सलाह
सुदर्शन सोलंकी कहते हैं कि लोग सोचते हैं कि नेचुरली बाल काले नहीं हो सकते, लेकिन सही सामग्री और नियमित इस्तेमाल से अच्छा डार्क ब्राउन शेड मिलता है. धैर्य सबसे जरूरी है. अगर आप केमिकल हेयर डाई छोड़कर नेचुरल हेयर केयर अपनाना चाहते हैं, तो यह हर्बल हेयर डाई एक सुरक्षित और सस्ता विकल्प हो सकता है.