Abhishek Sharma Discharged from Hospital: टीम इंडिया के करोड़ों फैंस के लिए राहत भरी खबर आई है. बुधवार को तिलक वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये कन्फर्म किया कि स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अगला मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को नामीबिया से होगा. इसके बाद 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच महाजंग होगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए के खिलाफ हुए पहले मैच के बाद अभिषेक शर्मा के पेट में कुछ तकलीफ हुई थी. वो टीम इंडिया के साथ हेड कोच गौतम गंभीर के घर डिनर पार्टी में गए थे, लेकिन पेट में दर्द के कारण वहां से जल्दी लौट गए और फिर उन्हें दिल्ली में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस खबर से भारतीय फैंस परेशान हो गए थे, क्योंकि 15 फरवरी को भारत का सामना पाकिस्तान से है. हालांकि, राहत की बात ये है कि बड़े मैच से पहले अभिषेक शर्मा अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं.
नामीबिया के खिलाफ खेलने पर सस्पेंस बरकरार
गुरुवार, 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच मैच खेला जाएगा. बुधवार (आज) को तिलक वर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए और उन्होंने बताया कि अभिषेक शर्मा आज अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं. उन्होंने आगे कहा कि अभी मैच में एक दिन का समय बाकी है तो हम कल देखेंगे कि वो कैसे रिकवर कर रहे हैं और फिर उस हिसाब से उनके खेलने पर फैसला होगा.
पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक का खेलना पक्का
भारतीय फैंस के लिए खुशी की खबर ये है कि भले ही अभिषेक शर्मा गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ नहीं खेले, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में उनका पाकिस्तान के खिलाफ खेलना लगभग तय है. बता दें कि पाक के खिलाफ अभिषेक ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हैं. एशिया कप 2025 में उन्होंने पाकिस्तान के प्रीमियम गेंदबाज शाहीन अफरीदी की धज्जियां उड़ा दी थी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी सलमान आगा की टीम निश्चित तौर से अभिषेक के कारण खौफ में होगी.