शाजापुर जिले की मोहन बड़ोदिया पुलिस ने NTPC सोलर प्लांट से हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की 31 सोलर प्लेटें और वारदात में इस्तेमाल किया गया टाटा मैजिक वाहन सहित कुल 7 लाख 25 हजा
.
पुलिस के मुताबिक, यह चोरी 21-22 जनवरी 2026 की दरमियानी रात को हुई थी। ग्राम देहरीपाल-बुरलाय स्थित NTPC सोलर प्लांट के ब्लॉक क्रमांक 12 से 31 सोलर प्लेटों का एक बंडल चुरा लिया गया था। इस घटना के संबंध में 22 जनवरी को करणी सील्ड कंपनी के सुपरवाइजर पंकज गुर्जर ने मोहन बड़ोदिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह पटेल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान, पुलिस ने चार आरोपियों नितेश सोलंकी (24), धर्मेंद्र सिंह (23), विशाल कटारिया (19) और अर्जुन सूर्यवंशी (23) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई सोलर प्लेटों को टाटा मैजिक वाहन (क्रमांक एमपी 13 एल 5246) में भरकर बेचने के इरादे से बुरलाय के जंगल में छिपाया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 2 लाख 75 हजार 808 रुपए मूल्य की 31 सोलर प्लेटें और 4 लाख 50 हजार रुपए मूल्य का टाटा मैजिक वाहन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ शाजापुर और आगर जिलों में पहले से भी चोरी के मामले दर्ज हैं। उनसे अन्य जिलों में हुई चोरियों के संबंध में भी पूछताछ जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।
