दमोह में अचानक फेल हुए यात्री बस के ब्रेक: ड्राइवर ने किले की दीवार से टकराकर रोकी; सूझबूझ से टला बड़ा हादसा – Damoh News

दमोह में अचानक फेल हुए यात्री बस के ब्रेक:  ड्राइवर ने किले की दीवार से टकराकर रोकी; सूझबूझ से टला बड़ा हादसा – Damoh News




दमोह जिले के हटा बस स्टैंड पर गुरुवार शाम इंदौर जा रही एक स्लीपर बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ढलान की ओर तेजी से बढ़ती बस को देख यात्री घबरा गए, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को किले की दीवार से टकराकर रोक दिया। इससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान बच गई। स्टैंड से निकलते ही बेकाबू हुई बस जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रांसपोर्ट की बस (MP40P0282) शाम करीब पांच बजे हटा बस स्टैंड से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस नगर पालिका कार्यालय के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित हो गई। बस बूढ़ा हटा की ओर जाने वाले ढलान पर तेजी से बढ़ने लगी। चालक को जैसे ही अहसास हुआ कि ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं, उसने तुरंत शोर मचाकर यात्रियों और राहगीरों को सतर्क कर दिया। चालक ने किले की दीवार की ओर मोड़ा ढलान पर बस की रफ्तार बढ़ती देख चालक ने बस को पास ही स्थित किले की दीवार की ओर मोड़ दिया। दीवार से टकराते ही बस रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि बस ढलान पर आगे निकल जाती, तो वह बाजार की भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस सकती थी, जिससे कई लोगों की जान जा सकती थी। गनीमत रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने संभाली व्यवस्था हादसे की खबर मिलते ही हटा पुलिस मौके पर पहुंची। बस सागर जिले के बालाजी ट्रांसपोर्ट की बताई जा रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।



Source link