देवास जिले के पीपलरांवा थाने में पदस्थ एक ASI पर खाकी का रौब दिखाकर मारपीट और धमकाने के आरोप लगे है। मामला भांजे की उधारी के विवाद से जुड़ा है, जिसमें दबाव बनाने के लिए एएसआई ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी को बीच सड़क पर घेरा और पीटा। जावर पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उधारी का चेक बाउंस होने से शुरू हुआ विवाद भाऊखेड़ा निवासी फरियादी अशोक कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गांव के ही रमेश पिता भेराजी को ढाई लाख रुपये उधार दिए थे। रमेश ने गारंटी के तौर पर जो चेक दिया था, वह बैंक में बाउंस हो गया। इसके बाद जैन ने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए रमेश को नोटिस जारी कर दिया। इसी नोटिस को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए रमेश के मामा मानसिंह (ASI) मैदान में उतर आए। बीच सड़क पर घेरा और दी जान से मारने की धमकी आरोप है कि 11 फरवरी की शाम एएसआई मानसिंह बिना वर्दी के अपनी कार से डंडा लेकर आए। उन्होंने पहले फरियादी की दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज और अभद्रता की। जब अशोक जैन रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहे थे, तब आरोपियों ने उन्हें जावर मंडी के पास मेन रोड पर रोक लिया। वहां उनके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उनके पैर, कमर और हाथ में चोटें आईं। एएसआई ने अपने पद का डर दिखाते हुए धमकी दी कि अगर केस वापस नहीं लिया तो परिणाम भुगतने होंगे। अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच मारपीट में घायल अशोक जैन को आष्टा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले में वीरेंद्र ठाकुर की शिकायत पर जावर थाना पुलिस ने रमेश और गजराज सिंह सहित दो अन्य (जिनमें एएसआई का नाम शामिल है) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच की जा रही है।
Source link