देवास में एमआर-1 रोड के लंबित निर्माण को लेकर क्षेत्रीय कॉलोनीवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित रहवासी स्वास्तिक प्रीमियम कॉलोनी गेट (गीता श्री के पास) पर एकत्रित हुए और वहां से कैलादेवी चौराहे तक शांतिपूर्ण रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में 5 से 6 प्रमुख कॉलोनियां स्थित हैं, जिनकी लगभग 20 से 25 हजार की आबादी इस मार्ग पर निर्भर करती है। सड़क की खराब हालत के कारण आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले एमआर-1 रोड का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। लोग बोले- जल्द कराया जाए निर्माण
आंदोलन में शामिल अजय शुक्ला ने बताया कि एमआर रोड का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। इस मार्ग को मास्टर प्लान से क्यों हटा दिया गया, जबकि इसका निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए। एमआर-1 रोड का निर्माण न होने से गोमती नगर, बद्रीधाम नगर, जवाहर नगर, गीता श्री ड्रीम सिटी और अंबे नगर सहित कई अन्य कॉलोनियां प्रभावित हो रही हैं। यह मार्ग शासन की महत्वाकांक्षी रिडेंसिफिकेशन योजना का हिस्सा था। पहले इसे योजना में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में बजट का हवाला देकर इसे बाहर कर दिया गया, जिससे रहवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। आरोप है कि अधिकारियों ने अतिक्रमण, निजी भूमि और वास्तविक लागत का सही आकलन किए बिना ही योजना बना दी थी। इसका खामियाजा अब हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। एमआर-1 के 3.60 किलोमीटर हिस्से का निर्माण प्रस्तावित था। करीब डेढ़ साल तक लोगों को उम्मीद थी कि मार्ग का निर्माण जल्द शुरू होगा, लेकिन अचानक लिए गए इस फैसले से उनमें निराशा है।
Source link