पाकिस्तान स्पिनर उस्मान तारिक अपने गेंदबाजी एक्शन की वजह से अचानक सुर्खियों में आ गए हैं. अपनी बांह में साफ दिखने वाले मोड़ और एक अलग तरह के रन-अप के लिए जाने जाने वाले उस्मान तारिक को अपने एक्शन की कानूनी वैधता और क्या यह टॉप टी20 लीग सहित अंतरराष्ट्रीय जांच में खरा उतरेगा, इस पर सवालों का सामना करना पड़ा है. उस्मान तारिक ने अमेरिका के खिलाफ 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके बाद उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है.
धोनी की बायोपिक ने बदल दी इस क्रिकेटर की जिंदगी
उस्मान तारिक कभी मिडिल ईस्ट में सेल्समैन के तौर पर काम करते थे, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक MS धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी देखने के बाद उस्मान तारिक का क्रिकेट के प्रति प्यार जाग गया. उस्मान तारिक ने इसके बाद क्रिकेट में अपना करियर बनाने के लिए सेल्समैन की नौकरी छोड़ दी. बता दें कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने से पहले दक्षिण पूर्व रेलवे में नौकरी करते थे.
धोनी ने भी छोड़ दी थी नौकरी
महेंद्र सिंह धोनी खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर बतौर टिकट कलेक्टर जॉब करते थे. इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने देश के लिए क्रिकेट खेलने का अपना सपना पूरा करने के लिए टिकट कलेक्टर की नौकरी को छोड़ दिया. महेंद्र सिंह धोनी ने 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था. उस्मान तारिक खुद क्रिकेट में आने का क्रेडिट MS धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी पर बनी बायोपिक को देते हैं.
उस्मान तारिक के हाथ में दो कोहनी
उस्मान तारिक के मुताबिक उनके अलग तरह के एक्शन की वजह ‘दो कोहनी’ होना है. उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था, ‘मेरे हाथ में दो कोहनी हैं. मेरा हाथ नैचुरली मुड़ता है. मैंने इसका टेस्ट करवाया है और यह क्लियर है. यह एक बायोलॉजिकल दिक्कत है.’ दोहरे जोड़ वाली कोहनी एक जन्मजात बीमारी है, कुछ वैसी ही जैसी मुथैया मुरलीधरन को थी. मुथैया मुरलीधरन ने 1999 में ऑस्ट्रेलियाई साइंटिस्ट्स के एक ग्रुप के अंडर कई टेस्ट करवाए और आखिरकार उन्हें गैर-कानूनी बॉलिंग एक्शन के आरोप से बरी कर दिया गया.
अश्विन ने उस्मान तारिक को किया था सपोर्ट
हाल ही में भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उस्मान तारिक को सपोर्ट करते हुए एक्स पर लिखा, ‘जब बल्लेबाज को एक तरफ से बैटिंग शुरू करने के बाद अंपायर या गेंदबाज को बताए बिना स्विच-हिट या रिवर्स करने की इजाजत दी जा सकती है, तो ये पाबंदियां सिर्फ गेंदबाज तक ही क्यों हैं? असल में गेंदबाज को अंपायर को बताए बिना जिस हाथ से वह गेंदबाजी करता है, उसे बदलने की इजाजत नहीं है. उन्हें पहले वह नियम बदलना चाहिए.’