Narsinghpur Missing Girls News: MP के नरसिंहपुर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. घर से दो नाबालिग बहनें लापता हो गईं. पूरी रात पुलिस ने उनकी तलाश की. सुबह गांव के पास ही झाड़ियों में दोनों सुरक्षित हालत में मिलीं. जब पुलिस ने घर से बिना बताए भागने की वजह पूछी तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. ये घटना गोटेगांव थाना के कामती इमलिया गांव की है. मंडला जिले से यहां मजदूरी करने आए परिवार के साथ ये घटना घटी. पुलिस के अनुसार, बच्चियों को झाड़ियों में देखा गया तो वो हम लोगों को देखकर रोने लगीं. बाद में बताया कि उन्होंने घर से 30 रुपये चुरा लिए थे. उससे कुरकुरे और बिस्किट खा लिए थे. उन्हें डर था कि मां-बाप आएंगे तो डांट पड़ेगी. इसी के डर से वे घर से भाग आई थीं. समझाइश के बाद पुलिस ने बच्चियों को उनके माता-पिता को सौंप दिया.