T20 World Cup Record: श्रीलंका ने गुरुवार (12 फरवरी) को पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में ओमान को 105 रनों के अंतर से बुरी तरह हरा दिया. ओमान के मोहम्मद नदीम ने एक पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया. 226 रन का पीछा करते हुए जतिंदर सिंह की टीम नौ विकेट खोकर अपने पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद बोर्ड पर सिर्फ 120 रन ही बना पाई, जिसमें नदीम टॉप स्कोरर रहे.
नदीम की धीमी पारी
43 साल के नदीम दूसरे ओवर में चौथे नंबर पर बैटिंग करने आए और नाबाद रहे. उन्होंने 56 गेंदों में 94.16 के स्ट्राइक-रेट से 53 रन बनाए. इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था. वसीन अली (27) के अलावा ओमानी टीम का कोई और खिलाड़ी डबल डिजिट में भी स्कोर नहीं कर पाया. इससे पहले श्रीलंका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन बनाए थे. उसके लिए कुसल मेंडिस ने 45 गेंद पर 61, पवन रतनायके ने 28 गेंद पर 60 और कप्तान दासुन शनाका ने 20 गेंद पर 50 रन की पारी खेली थी.
ये भी पढ़ें: 6, 6, 6, 6, 4… ईशान किशन ने दिल्ली में किया धूम-धड़ाका, 20 गेंद पर ठोका अर्धशतक, दहशत में गेंदबाज
मोहम्मद नदीम ने इतिहास रचा
43 साल, 161 दिन की उम्र में नदीम पुरुषों के सीनियर आईसीसी टूर्नामेंट में हाफ-सेंचुरी बनाने वाले इतिहास के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं. उन्होंने 1996 में लाहौर में श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच में यह उपलब्धि हासिल करके नीदरलैंड के क्रिकेटर फ्लेवियन अपोंसो का 30 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा. अपोंसो ने 43 साल, 121 दिन की आयु में 105 गेंदों पर 58 रन बनाए थे. उनके बाद तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक हैं. मिस्बाह ने पाकिस्तान के लिए 2015 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑकलैंड में 40 साल, 283 दिन की आयु में 86 गेंदों पर 56 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग या रवींद्र जडेजा, कौन होगा राजस्थान रॉयल्स का कप्तान? इस दिन होगा ऐलान
जयसूर्या का तोड़ा रिकॉर्ड
नदीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना 40वां जन्मदिन मनाने के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने सनथ जयसूर्या का एक रिकॉर्ड तोड़ा. उन्होंने 2009 में यह रिकॉर्ड बनाया था. जयसूर्या ने 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉटिंघम में 39 साल 345 दिन की आयु में 55 गेंद पर 81 रन ठोके थे.