Last Updated:
Jabalpur Weather News Today: जबलपुर में इन दिनों सुबह और दोपहर के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. बुधवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण यह उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है. 15 फरवरी तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है, जबकि 16 फरवरी के बाद फिर बदलाव हो सकता है. शहर में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है और दिन में गर्मी का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है.
Jabalpur ka Mausam: संस्कारधानी जबलपुर में इन दिनों मौसम आंख-मिचौली खेल रहा है. सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं के साथ हो रही है, जिससे हल्की ठिठुरन महसूस होती है. लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, तेज धूप गर्मी का एहसास करा देती है. दिन और रात के तापमान में बड़े अंतर ने लोगों को समझ नहीं आने दिया कि स्वेटर पहनें या आधी बाजू की शर्ट.
13.5 डिग्री से 29 डिग्री तक पहुंचा पारा
बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. यानी करीब 15 से 16 डिग्री का अंतर. सुबह लोग जैकेट और स्वेटर में दिखे, वहीं दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी सताने लगी. शाम ढलते ही फिर हल्की ठंड लौट आई.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण हवाओं की दिशा बदली है. उत्तर-पूर्व की ठंडी हवाओं के साथ पश्चिमी हवाओं की हल्की गर्माहट मिल रही है. यही वजह है कि दिन और रात के तापमान में इतना फर्क देखा जा रहा है. फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं और मौसम शुष्क बना हुआ है.
16 फरवरी के बाद फिर बदलेगा मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक 15 फरवरी तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा. लेकिन 16 फरवरी के बाद फिर से बदलाव की संभावना है और तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है. पिछले साल इसी दिन अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस था. यानी इस बार भी मौसम कुछ इसी तरह का रुख दिखा रहा है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें