कटनी में युवक पर चाकू से हमला: शटर गिराकर आरोपी कमरे में छिपा, पुलिस ने डेढ़ घंटे बाद हिरासत में लिया – Katni News

कटनी में युवक पर चाकू से हमला:  शटर गिराकर आरोपी कमरे में छिपा, पुलिस ने डेढ़ घंटे बाद हिरासत में लिया – Katni News




कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र के विलायत कला गांव में शुक्रवार शाम शराब दुकान के पास मामूली विवाद में एक युवक ने दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में कैद कर लिया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक, विलायत कला के रहने वाले रमेश रजक और बनेहरा निवासी धनेंद्र रजक के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। खमतरा तिराहे पर स्थित शराब दुकान के सामने यह विवाद इतना बढ़ा कि रमेश ने चाकू निकालकर धनेंद्र पर हमला कर दिया। धनेंद्र बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। शटर गिराकर अंदर छिपा आरोपी हमला करने के बाद आरोपी रमेश भागा नहीं, बल्कि पास के ही एक कमरे में घुस गया और अंदर से शटर गिरा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे बाहर निकलने के लिए घंटों समझाती रही। डेढ़ घंटे तक चले ड्रामे के बाद जब वह बाहर आया, तब पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। घायल की हालत नाजुक घायल धनेंद्र को तुरंत 108 एम्बुलेंस से बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी।



Source link