यूएई और कनाडा के बीच खेले गए मुकाबले में यूएई ने जबरदस्त जीत हासिल की. इस जीत के साथ टी20 विश्व कप 2026 में यूएई ने अपना पहला खाता खोल लिया है. कनाडा के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम को आखिरी चार ओवर में जीत के लिए 56 रनों की जरूरत थी. 16 ओवर के बाद यूएई का रन रेट 6 से भी कम था और स्कोर सिर्फ 95 रन था, जिससे जीत मुश्किल नजर आ रही थी. लेकिन आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर ही यूएई ने मैच अपने नाम कर लिया. इस रोमांचक जीत के हीरो आर्यांश शर्मा और सोहैब खान रहे. दोनों ने मिलकर सिर्फ 42 गेंदों में 84 रनों की शानदार साझेदारी की और मैच का रुख बदल दिया.जब स्कोर बराबरी पर पहुंचा तो सोहैब ने छक्का लगाकर मैच खत्म करने की कोशिश की, लेकिन वह आउट हो गए. उन्होंने 29 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 51 रनों की अहम पारी खेली और टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई.
आर्यांश शर्मा और शोएब खान का तूफान
151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही. टीम ने महज 66 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए थे और हालत काफी मुश्किल हो गई थी.ऐसे दबाव भरे मौके पर आर्यांश शर्मा और शोएब खान ने पारी को संभाला. आर्यांश ने समझदारी से खेलते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए और एक छोर थामे रखा. वहीं दूसरे छोर से शोएब खान ने आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोक दिए. दोनों के बीच हुई शानदार साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया.
जुनैद ने खोला पंजा
कनाडा की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. कप्तान दिलप्रीत बाजवा 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि युवराज सामरा सिर्फ 5 रन ही बना सके. पावरप्ले खत्म होने से पहले ही निकोलस किर्टन का विकेट भी गिर गया. 6 ओवर के बाद टीम का स्कोर 39 रन पर तीन विकेट था. इसके बाद हर्ष ठकर और नवनीत धालीवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़े और टीम को संभाला. हालांकि नवनीत 34 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए. उनका बल्ला क्रीज में पहुंचने से पहले जमीन में अटक गया था. हर्ष ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 50 रन के स्कोर पर ही वह भी आउट हो गए.
पहली जीत का इंतजार
टी20 इंटरनेशनल में कनाडा को यूएई के खिलाफ जीत का इंतजार अभी भी जारी है. दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट में अब तक दो मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही बार यूएई ने बाजी मारी है.इससे पहले 7 अक्टूबर 2019 को अबू धाबी में खेले गए मैच में भी यूएई ने कनाडा को हराया था. आंकड़े साफ बताते हैं कि इस फॉर्मेट में यूएई का पलड़ा अब तक भारी रहा है.