मंदसौर के सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा (बीपीएल चौराहा) से मंडी गेट तक के मार्ग को आदर्श रोड के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज़ कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया और प्रस्तावित व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। आपको बता दें कि दिसंबर 2025 में इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे मौजूद समस्त अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया था। अब प्रशासन इस मार्ग को सुव्यवस्थित और मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी में जुटा है। पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया था, उन स्थानों की नपती कर संभावित टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए गए।कार्यपालन यंत्री नितेश सुलिया ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे से प्रतापगढ़ पुलिया तक के मार्ग को आदर्श रोड बनाया जा रहा है। इसी के तहत पार्किंग व्यवस्था का आकलन किया जा रहा है कि किन-किन स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग विकसित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कार्य शीघ्र पूर्ण कर मार्ग को जनता को समर्पित किया जाए। मॉडल रोड निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने दैनिक भास्कर से चर्चा में बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और अब मॉडल रोड के निर्माण कार्य को जल्द प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रोड को और बेहतर तथा व्यवस्थित कैसे बनाया जाए। टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग के लिए माप-जोख की जा रही है और जो भी बाधाएं मॉडल रोड निर्माण में सामने आएंगी, उन्हें हटाया जाएगा। अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल, कार्यपालन यंत्री नितेश सुलिया, सूबेदार सत्येंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि मॉडल रोड का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर तय समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था मिल सके।
Source link