Last Updated:
Ujjain Mahashivratri: महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने एक बार फिर गूगल मैप की मदद ली है. नववर्ष की तरह इस बार भी वाहनों से उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस और आईटी टीम मिलकर मैप रूट को नियंत्रित करेगी.
शुभम मरमट/उज्जैन. धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में आस्था का विशाल सैलाब उमड़ने की संभावना है. अनुमान है कि देशभर से लगभग दस लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं. इसके साथ ही करीब डेढ़ लाख वाहन आने की भी संभावना है. भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है.
गूगल मैप्स पर जाम वाले मार्गों को अस्थायी रूप से ब्लॉक दिखाया जाएगा, जबकि वैकल्पिक खाली रास्तों और उपलब्ध पार्किंग स्थलों की जानकारी लाइव अपडेट के जरिए श्रद्धालुओं को दी जाएगी, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे.
न्यू ईयर पर भी लागू की गई थी व्यवस्था
दरअसल, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व उज्जैन में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. जिसमें बाबा महाकाल भक्तों को 44 घंटे दर्शन देंगे. इस पर्व के खास दिन पर देशभर से करीब 10 लाख श्रद्धालु आ सकते है. इनमें से करीब डेढ़ लाख वाहन आने की भी संभावना है. ऐसे में मार्ग जाम न हो और श्रद्धालु आसानी से पार्किंग स्थल तक पहुंच जाएं, इसके लिए करीब 250 ट्रैफिक के पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए ही जाएंगे. साथ ही ट्रैफिक पुलिस और आईटी टीम गूगल पर ऐसे रूट दर्शाएगी, जहां जाम नहीं लगा हो. श्रद्धालुओं को रियल टाइम सिर्फ खाली मार्ग और रिक्त पार्किंग ही नजर आएंगे, जिससे उन्हें परेशानी न हो. ऐसी व्यवस्था 1 जनवरी को भी लागू की गई थी.
दो हज़ार पुलिस करेगी सुरक्षा
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालु की बेहतर सुविधा और सुरक्षा के लिए उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के लिए 2 हजार पुलिसकर्मी ओर अधिकारी तैनात किए जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए 150 महिला पुलिसकर्मी तैनात होगी. यह फोर्स 14 फरवरी की रात से 16 फरवरी तक तैनात रहेगा. श्रद्धालु मार्ग नहीं भटके इसलिए सभी मार्गों पर मंदिर का रास्ता दिखाने के लिए संकेतक लगाए जा रहे है. वही 200 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी और ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी.
रियल टाइम से पहुंच जाएंगे बाबा के दरबार
महाशिवरात्रि के अवसर पर भारी भीड़ को देखते हुए राहुल देशमुख ने जानकारी दी कि इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से शहर पहुंचेंगे. संभावित ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए आईटी सेल और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम विशेष रणनीति पर काम कर रही है. डिजिटल मैपिंग सिस्टम के माध्यम से उन मार्गों को अस्थायी रूप से हटा दिया जाएगा, जहां यातायात का अधिक दबाव रहेगा. श्रद्धालुओं को गूगल मैप पर केवल वैकल्पिक और सुगम रास्ते ही दिखाई देंगे. साथ ही शहर में उपलब्ध पार्किंग स्थलों की स्थिति भी रियल टाइम अपडेट होती रहेगी, ताकि वाहन चालकों को सुविधा और राहत मिल सके.
40 मिनट में होंगे दर्शन
महाशिवरात्रि पर आम श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन मार्ग तय किया गया है. भक्तों की कतार कर्कराज पार्किंग से प्रारंभ होकर चार धाम मंदिर मार्ग से होते हुए त्रिवेणी संग्रहालय तक पहुंचेगी. इसके बाद श्रद्धालु महाकाल लोक से गुजरते हुए मानसरोवर द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे. दर्शन के उपरांत निकास महाकाल टनल के जरिए बड़े गणेश मंदिर के सामने होगा. पूरी प्रक्रिया में लगभग 40 मिनट का समय लग सकता है. श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पूरे मार्ग पर टेंट से छाया, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें