शाजापुर मक्सी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत 2.0 योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य नगर परिषद ने शुरू कर दिया है। पिछले तीन वर्षों में शहर के सभी 15 वार्डों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए लगभग 42 से 45 किलोमीटर लंबी सड़कें खोदी गई थीं। अब पहले चरण में लगभग 12 किलोमीटर सड़कों का पेचवर्क किया जा रहा है, जिससे लंबे समय से प्रभावित रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर परिषद के अनुसार, पहले चरण में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 7, 8 और 9 की सभी गली-मोहल्लों की सड़कों पर पेचवर्क किया जाएगा। सड़कों का समतलीकरण कर सीसी निर्माण जारी परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि जहां-जहां पाइपलाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई थीं, वहां समतलीकरण कर सीमेंट कंक्रीट का कार्य किया जा रहा है, ताकि आवागमन सुगम हो सके। नल-जल योजना के तहत मक्सी शहर में नवीन पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ वार्ड 14 और वार्ड 4 में 5 लाख लीटर क्षमता की दो नई पेयजल टंकियों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, शहरवासियों को स्वच्छ और साफ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3.5 एमएलडी (पैंतीस लाख लीटर) क्षमता का एक नया फिल्टर प्लांट भी बनाया जा रहा है। पाइपलाइन टेस्टिंग के बाद सड़क मरम्मत कार्य शुरू निर्माण कंपनी सुराणा फेब्रिकेटर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर अनूप शर्मा ने जानकारी दी कि पहले चरण में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 7, 8 और 9 में पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा हो चुका है। फाइनल टेस्टिंग के बाद इन वार्डों की सभी गली-मोहल्लों और मुख्य मार्गों की सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4, 5, 6, 10, 11, 12 और 13 की पाइपलाइन की मार्च में फाइनल टेस्टिंग कर उक्त वार्डों की सभी खराब सड़कों की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। सड़क मरम्मत से धूल, कीचड़ और गड्ढों से मिलेगी राहत मरम्मत कार्य शुरू होने से शहरवासियों को धूल, कीचड़ और गड्ढों की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। नगर परिषद ने दावा किया है कि चरणबद्ध तरीके से सभी प्रभावित वार्डों की सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। रहवासियों ने गुणवत्तापूर्ण कार्य की अपेक्षा व्यक्त की है।
Source link