हीरो बनने मुंबई भागे तीन छात्र गुना से पकड़ाए: शिवपुरी के राजपूत हॉस्टल से निकले थे, पुलिस ने परिजनों को सौंपा – Shivpuri News

हीरो बनने मुंबई भागे तीन छात्र गुना से पकड़ाए:  शिवपुरी के राजपूत हॉस्टल से निकले थे, पुलिस ने परिजनों को सौंपा – Shivpuri News




शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में नौहरी चक स्थित ईस्टर्न हाईट स्कूल के पास बने राजपूत हॉस्टल से बुधवार शाम तीन छात्र बिना बताए चले गए थे। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों को गुना रेलवे स्टेशन से सुरक्षित ढूंढ लिया। पूछताछ में सामने आया कि वे मुंबई घूमने और हीरो बनने का सपना लेकर निकले थे। देर शाम उन्हें शिवपुरी लाकर उनके परिवारों को सौंप दिया गया। ऐसे पता चला मामला हॉस्टल संचालक राम सिंह राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 फरवरी शाम करीब 5 बजे हाजिरी के दौरान तीन छात्र अपने कमरे में नहीं मिले। अन्य छात्रों ने बताया कि वे करीब 4:30 बजे बिना किसी को बताए हॉस्टल से बाहर चले गए थे। लापता छात्रों में प्रशांत धाकड़ (15), दीपांश लोधी (17) और आसेन्द्र लोधी (14) शामिल थे। 10 हजार का इनाम रखा परिजनों को सूचना देने के बाद बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन रात तक कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मामला गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बच्चों की जानकारी देने पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने शिवपुरी में 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जांच में पता चला कि तीनों छात्र गुना की ओर गए हैं। गुना रेलवे स्टेशन से मिले सूचना मिलते ही पुलिस टीम गुना पहुंची। वहां भी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। आखिरकार तीनों छात्र गुना रेलवे स्टेशन पर मिल गए। पुलिस ने बताया कि छात्र अपनी मर्जी से मुंबई जाने के लिए निकले थे। अब तीनों सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।



Source link