T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप के शुरू होने से लेकर अब तक खिलाड़ियों के चोटिल होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब एक टीम को बड़ा झटका लगा है. उसका कप्तान ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है. घुटने की चोट के चलते वो आगे एक भी मैच खेलने की स्थिति में नहीं थे. जिस टीम को यह बड़ा झटका लगा है, वो आयरलैंड है. तूफानी अंदाज में बैटिंग करने वाले कप्तान पॉल स्टर्लिंग चोटिल हुए हैं. ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 9वीं दफा टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था. वो इस मेगा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा एडिशन खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.
दाएं हाथ के इस विस्फोटक ओपनर को बीते गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मुकाबले में चोट लगी थी. उन्होंने पहली पारी के सातवें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जोश इंग्लिस का कैच पकड़ने की पूरी कोशिश की थी. डाइव लगाने के चक्कर में उनका घुटना मैदान के सख्त हिस्से पर जोर से लगा था, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था. उस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी उपकप्तान लॉर्कन टकर ने संभाली थी.
चोट के बाद भी बैटिंग के लिए उतरे थे पॉल
हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोटिल होने के बाद स्टर्लिंग रन चेज के दौरान बल्लेबाजी करने उतरे थे. उन्होंने टीम प्रबंधन को बताया था कि वो बल्लेबाजी के लिए फिट महसूस कर रहे हैं, लेकिन पहली ही गेंद पर सिंगल लेने के लिए दौड़ते समय उनका घुटना फिर जवाब दे गया और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था. अब खबर आई है कि वो अगले मैचों से बाहर रहेंगे.
स्टर्लिंग की जगह किसे मिला मौका?
टी20 विश्व कप के बचे हुए मैचों के लिए आयरलैंड ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग की जगह 20 साल के अनकैप्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज सैम टॉपिंग को टीम में शामिल किया है. टॉपिंग इस समय नॉर्दर्न नाइट्स टीम के साथ चेन्नई में ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में मौजूद हैं. पिछले घरेलू सीजन में उन्होंने टी20 मुकाबलों में 31.00 की औसत और 140 के स्ट्राइक रेट से 217 रन बनाए थे. टॉपिंग को शामिल करना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि बेन कैलिट्ज भी पिछले मैच के बाद हाथ में चोट से जूझ रहे हैं.
जल्द ही आयरलैंड लौटेंगे स्टर्लिंग
कप्तान स्टर्लिंग के बाहर होने के बारे में क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस निदेशक ग्रेम वेस्ट ने बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि ‘ऑस्ट्रेलिया मैच के बाद पॉल स्टर्लिंग का आकलन और स्कैन कराया गया, जिसमें लिगामेंट डैमेज की पुष्टि हुई है. इसी वजह से वो टी20 विश्व कप के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं.’ उन्होंने बताया कि स्टर्लिंग अब जल्द ही स्वदेश लौटेंगे और रिहैबिलिटेशन में जुट जाएंगे. उनका पूरा फोकस घरेलू समर सीजन से पहले पूरी तरह फिट होना होगा.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: पाक पर ‘मिसाइल’ की तरह गिरेंगी 24 गेंदें…गंभीर का ये ब्रह्मास्त्र लिखेगा पाकिस्तान की बर्बादी की पटकथा?