धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बखतगढ़ में शनिवार को बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। ग्रामीणों ने पांच संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सामने आया है। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दरअसल, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाहें फैल रही थीं। इसी के चलते आज बखतगढ़ गांव में ग्रामीणों ने राजस्थान से आए कुछ महिला और पुरुषों को बच्चा चोर समझ लिया। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और बदनावर थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित थाने ले गई। बदनावर थाना प्रभारी अमित कुशवाहा ने बताया कि पकड़े गए सभी लोग राजस्थान के निवासी हैं। वे हाथ देखकर दक्षिणा लेकर जीवन-यापन करते हैं। प्रारंभिक जांच में इनके बच्चा चोरी से जुड़े होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
Source link