भिंड जिले में मौसम लगातार करवट ले रहा है। सर्दी के बाद अब बसंती एहसास के साथ पतझड़ जैसी स्थिति दिखने लगी है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ रहा है, वहीं दोपहर की धूप में तीखापन साफ महसूस किया जा रहा है।
मौसम में आए बदलाव के चलते सुबह का न्यूनतम तापमान जहां करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं दोपहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
ऋतु परिवर्तन का असर शहर और ग्रामीण इलाकों दोनों में नजर आ रहा है। दोपहर की सर्दी लगभग गायब हो चुकी है, जबकि सुबह और शाम हल्की गुलाबी ठंड बनी हुई है। हवा में ठंडक तो है, लेकिन इसकी गति मंद पड़ गई है। रविवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। आसमान साफ रहा और दृश्यता बेहतर रही।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। सर्दी, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिसमें बुजुर्ग और बच्चे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कुछ लोगों में वायरल फीवर के लक्षण भी देखे जा रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह है कि बदलते मौसम में सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पीएं और धूप से बचाव रखें।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप और तीखी होगी, जिससे दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
Source link